Bareilly News : बरेली के कान्हा उपवन में गौवंशीय पशुओं की मौत, विरोध में सड़क पर उतरे हिंदू संगठन
आक्रोशित हिंदू संगठनों ने गौशाला के पास कर्मचारियों को रोका, अधिकारियों को बुलाने पर अड़े
कान्हा उपवन सीबीगंज क्षेत्र में हैं। गौवंशीय पशुओं की कथित मौत पर हिंदू संगठनों का आक्रोश फूट पड़ा। शनिवार को स्थानीय लोगों के साथ संगठन के पदाधिकारी सड़कों पर उतर आए। गौशाला में गायों के संरक्षण में घोर लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध दर्ज कराया।
अमृत विचार : बरेली के कान्हा उपवन में गौवंशीय पशुओं की कथित रूप से मौत पर हंगामा खड़ा हो गया। हिंदू संगठनों के साथ स्थानीय लोग सड़कों पर उतर आए। कान्हा उपवन के बाहर विरोध दर्ज कराया। हिंदू संगठन अधिकारियों को मौके पर बुलाने की जिद पर अड़े हैं। हालात को देखते हुए यहां पुलिस बल पहुंच गया है। आक्रोशित भीड़ विरोध दर्ज करा रही है।
घटनाक्रम सीबीगंज थाना क्षेत्र का है। यहां कान्हा उपवन के नाम से सरकारी गौशाला है। हिंदू संगठनों का आरोप है कि गौशाला में गौवंशीय पशुओं के रख-रखाव में घोर लापरवाही बरती जा रही है। इस कारण कई गायों की मौत हो चुकी है।
घटनास्थल पर जमा भीड़ ने गौशाला से जुड़े कर्मचारियों को भी बाहर रोक दिया है। सनद रहे कि इससे पहले भी बरेली की गौशालाओं में कथित रूप से अव्यवस्थाओं और गौवंशीय पशुओं की मौत पर बड़े विरोध की घटनाएं सामने आती रही हैं।
