Barabanki News: जबरन दीवार खड़ी कर रोका रास्ता, घर में घुसकर की मारपीट
बाराबंकी, अमृत विचार। कोतवाली नगर क्षेत्र के ग्राम ओबरी में घर तक जाने वाले रास्ते पर जबरन दीवार बना कर विवाद खड़ा किया जा रहा है। पीड़ितों ने विरोध किया तो उनके साथ मारपीट की गई। आहत परिवार ने एसपी के अलावा एसडीएम से मामले की शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
ग्राम ओबरी निवासी चन्द्रकला यादव पत्नी स्वर्गीय हरीलाल के अनुसार, उनके पड़ोसी परिवार से रास्ते को लेकर पहले से विवाद चला आ रहा है। नगर पालिका परिषद द्वारा उनके घर तक जाने के रास्ते पर जबरन बनाई गई दीवार गिराई भी जा चुकी है, इसके बावजूद रामू उर्फ पप्पू अपनी हरकत से बाज नहीं आ रहा।
आरोप है कि 26 जून की दोपहर दूसरे पक्ष के कई लोग एकजुट होकर उनके घर के सामने स्थित इंटरलॉकिंग मार्ग पर फिर दीवार बनाने लगे। पीड़िता का कहना है कि विरोध करने पर आरोपितों ने गाली-गलौज करते हुए उनके साथ मारपीट की। जान बचाने के लिए वह घर के अंदर चली गईं, आरोप है कि विपक्षी घर में घुस आए और उनके साथ मारपीट करने के साथ ही घरेलू सामान में भी तोड़फोड़ की।
पीड़ित पक्ष ने एसपी व एसडीएम से समस्या निस्तारित किए जाने की मांग की है। वहीं इस मामले में एसडीएम व ज्वाइंट मजिस्ट्रेट गुंजिता अग्रवाल ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
