Ticket Booking: 2 महीने पहले बुकिंग के बाद भी क्यों नहीं मिलती कन्फर्म रेल टिकट? सुनिए यूपी-बिहार के यात्रियों का दर्द
लखनऊ, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश से दिल्ली, गाजियाबाद, नोएडा और अन्य बड़े शहरों की यात्रा करने वाले लाखों यात्रियों के लिए ट्रेन का टिकट हासिल करना किसी जंग जीतने से कम नहीं रह गया है, रेलवे में अग्रिम आरक्षण की विंडो खुलते ही चंद मिनटों में टिकट फुल हो जा रहे हैं। हालत यह है कि दो महीने पहले यात्रा की योजना बनाकर टिकट बुक कराने वाले यात्रियों को भी कन्फर्म सीट नहीं मिल रही।
काफी पहले बुकिंग बावजूद भी कन्फर्म टिकट नहीं
जम्मू, मुंबई समेत लंबी दूरी के प्रमुख रूटों पर अधिकांश ट्रेनों में लंबी वेटिंग चल रही है। यात्रियों का आरोप है कि टिकटों की कमी का फायदा दलाल उठा रहे हैं, जिससे आम लोगों के लिए कन्फर्म टिकट मिलना और मुश्किल हो गया है।
दलाल वसूल रहे 500 से 1000 रुपये अतिरिक्त
शिवम ने बताया कि अगस्त में जम्मू जाने के लिए टिकट बुक कराने पहुंचे, लेकिन आरक्षण खुलने के बावजूद उन्हें वेटिंग टिकट ही मिली। वहीं रुद्र प्रताप ने बताया कि 15 अगस्त की यात्रा के लिए भी कन्फर्म टिकट नहीं मिल सका। उनका कहना है कि टिकट खुलने के कुछ ही मिनटों में सीटें भर जाती हैं, जिससे परिवार के साथ यात्रा की योजना अधूरी रह जाती है। यात्रियों का आरोप है कि कुछ टिकट ब्रोकर अधिक पैसे लेकर कन्फर्म टिकट दिलाने का दावा करते हैं, लेकिन उसकी वैधता को लेकर भी संदेह बना रहता है।
जम्मू रूट की बेगमपुरा एक्सप्रेस, कोआ-जम्मूतवी एक्सप्रेस, हिमगिरी एक्सप्रेस, अर्चना एक्सप्रेस और अमरनाथ एक्सप्रेस में 20 अगस्त तक लंबी वेटिंग है। वहीं मुंबई जाने वाली पुष्पक एक्सप्रेस, गोरखपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस, उद्योग नगरी एक्सप्रेस, कुशीनगर एक्सप्रेस और अवध एक्सप्रेस सहित अधिकांश ट्रेनों में 15 जुलाई तक कन्फर्म टिकट उपलब्ध नहीं हैं।
यात्रियों का कहना है कि लगातार बढ़ती मांग के मुकाबले ट्रेनों और अतिरिक्त कोचों की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से संकट गहरा गया है। सूत्रों के अनुसार, इसी स्थिति का फायदा उठाकर दलाल सक्रिय हैं। कन्फर्म टिकट दिलाने के नाम पर 500 से 1000 रुपये तक की अवैध वसूली की जा रही है। रेलवे समय-समय पर दलालों के खिलाफ कार्रवाई और सख्ती के दावे करता है, लेकिन यात्रियों का कहना है कि जमीनी स्तर पर इसका असर नजर नहीं आ रहा।
हरपालगंज और जौनपुर सिटी स्टेशनों को मिली नई ट्रेनों की सौगात
यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के उद्देश्य से रेलवे प्रशासन ने उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के अंतर्गत हरपालगंज और जौनपुर सिटी रेलवे स्टेशनों पर दो महत्वपूर्ण ट्रेनों का ठहराव शुरू कर दिया है। रविवार से गाड़ी संख्या 64281/64282 शिवपुर–उतरेटिया–शिवपुर मेमू का हरपालगंज स्टेशन पर नियमित ठहराव शुरु हो गया। इस अवसर पर बदलापुर के विधायक रमेश चंद्र मिश्रा ने हरपालगंज स्टेशन से मेमू ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। नई समय-सारिणी के अनुसार, गाड़ी संख्या 64281 हरपालगंज स्टेशन पर सुबह 6:27 बजे पहुंचेगी और 6:28 बजे रवाना होगी, जबकि 64282 रात 8:21 बजे पहुंचकर 8:22 बजे प्रस्थान करेगी। 26 जून से पटना–कोटा एक्सप्रेस (13239) का जौनपुर सिटी स्टेशन पर ठहराव शुरू किया गया।
मेमू व पटना-कोटा एक्सप्रेस का ठहराव शुरू
खेल और युवा कल्याण विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चन्द्र यादव और राज्यसभा सदस्य सीमा द्विवेदी ने ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक नीलिमा सिंह भी मौजूद रहीं। रेलवे प्रशासन ने बताया कि 27 जून से कोटा–पटना एक्सप्रेस (13240) का ठहराव भी जौनपुर सिटी स्टेशन पर शुरू हो जाएगा। 13239 शाम 5:41 बजे पहुंचकर 5:43 बजे रवाना होगी, जबकि 13240 दोपहर 12:33 बजे पहुंचकर 12:35 बजे प्रस्थान करेगी। इन नए ठहरावों से हरपालगंज और जौनपुर क्षेत्र के यात्रियों को बेहतर रेल संपर्क और आवागमन की अतिरिक्त सुविधा मिलेगी।
मैलानी-नानपारा पैसेंजर ट्रेनों की समय-सारिणी बदली
पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल ने मैलानी-नानपारा मीटर गेज खंड पर संचालित पैसेंजर ट्रेनों की समय-सारिणी में संशोधन किया है। संशोधित समय-सारिणी 28 जून से प्रभावी होगी। नए शेड्यूल के अनुसार ट्रेन संख्या 52262 (मैलानी-नानपारा पैसेंजर) सुबह 08:50 बजे के स्थान पर 10:50 बजे मैलानी से रवाना होगी। ट्रेन संख्या 52264 मैलानी-नानपारा पैसेंजर का प्रस्थान समय 07:35 बजे से 07:05 बजे कर दिया गया है। पहले दोनों ट्रेनों के प्रस्थान में 1 घंटा 15 मिनट का अंतर था।अब 3 घंटे 45 मिनट के अंतर पर रवाना होंगी।
कल से लागू होगा नया शेड्यूल, ट्रेनों के बीच बढ़ेगा अंतर
बदलाव पीलीभीत से 55357 ट्रेन सुबह 9:40 बजे मैलानी पहुंचने वाले यात्रियों के लिए लाभकारी होगा। उन्हें 10:50 बजे रवाना होने वाली ट्रेन 52262 पकड़ने के लिए पर्याप्त समय मिल जाएगा। गोरखपुर, लखनऊ और सीतापुर से ट्रेन संख्या 15009 से सुबह 10:00 बजे मैलानी पहुंचने वाले यात्री भी इसी ट्रेन से नानपारा की यात्रा कर सकेंगे।
संशोधित समय-सारिणी के तहत ट्रेन संख्या 52262 शाम 5:50 बजे नानपारा पहुंचेगी। ट्रेन संख्या 52264 दोपहर 2:30 बजे नानपारा पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 52261 सुबह 7:20 बजे नानपारा से चलकर 1:55 बजे मैलानी पहुंचेगी और ट्रेन संख्या 52263 सुबह 11:10 बजे प्रस्थान कर शाम 5:55 बजे मैलानी पहुंचेगी।
दो ट्रेनों में 930 बोतल अधोमानक पानी जब्त
पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के सहायक वाणिज्य प्रबंधक ओंकार नाथ वर्मा ने विशेष जांच अभियान चलाया। इसके तहत ट्रेन संख्या 20103 की पैंट्री कार से 680 बोतल और ट्रेन संख्या 13020 में 250 बोतल अधोमानक पानी जब्त किया गया। 930 बोतल पानी एलपीओ गोंडा में जमा कराया गया। ट्रेन संख्या 20103 में भी एक अनधिकृत वेंडर पकड़ा गया। उसे आरपीएफ के हवाले कर दिया गया।
ये भी पढ़ें :
लखनऊ से चलने वाली 175 ट्रेनों में लगेंगे सीसीटीवी कैमरे, यात्रियों ...
