लखनऊ से चलने वाली 175 ट्रेनों में लगेंगे सीसीटीवी कैमरे, यात्रियों की सुरक्षा और सुविधाओं पर रेलवे का बड़ा कदम
लखनऊ, अमृत विचारः लखनऊ से दिल्ली, मुंबई और हावड़ा जैसे प्रमुख रूटों पर चलने वाली 175 मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों की बोगियों में अब सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। उत्तर और पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन के मैकेनिकल विभाग ने इस योजना पर काम शुरू कर दिया है। पहले चरण में चयनित ट्रेनों के प्रत्येक कोच में हाई डेफिनिशन (एचडी) कैमरे लगाए जा रहे हैं। इन कैमरों को सीधे रेलवे मंडल के कंट्रोल रूम से जोड़ा जाएगा, जिससे अधिकारी रियल टाइम में कोच के भीतर की गतिविधियों पर नजर रख सकेंगे।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, इस व्यवस्था से सामान चोरी, यात्रियों के साथ बदसलूकी और रेलवे कर्मचारियों के साथ होने वाले विवाद जैसी घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण लगाया जा सकेगा। साथ ही किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई करना आसान होगा।
पेंट्रीकार पर भी रहेगी नजर
यात्रियों की ओर से लंबे समय से पेंट्रीकार में गंदगी और खराब भोजन गुणवत्ता की शिकायतें मिलती रही हैं। अब पेंट्रीकार में भी कैमरे लगाए जाएंगे, जिससे भोजन तैयार करने की पूरी प्रक्रिया की निगरानी हो सकेगी। यदि गंदगी या गुणवत्ता में कमी पाई गई तो संबंधित ठेकेदार पर भारी जुर्माना लगाने के साथ सख्त कार्रवाई की जाएगी। रेलवे का मानना है कि सीसीटीवी निगरानी से खानपान व्यवस्था में पारदर्शिता और सुधार आएगा।
वंदे भारत के बाद अब मेल-एक्सप्रेस ट्रेनों की बारी
वंदे भारत ट्रेनों में पहले से सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। रेलवे बोर्ड ने शताब्दी समेत अन्य ट्रेनों में भी कैमरे लगाने की योजना बनाई थी। इसी क्रम में अब मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों में सीसीटीवी लगाने की कार्ययोजना को तेजी से लागू किया जा रहा है।
