Bareilly News : कंजूसी के बाद बरसी इंद्र कृपा, 143.6 मिमी बारिश
बरेली में झमझाम पानी गिरने से पारा धड़ाम
बरेली, अमृत विचार। राज्य में मानसूनी दस्तक के बाद भी कई दिन बरेली प्यास जरूर रहा मगर अब अब इंद्र कृपा जमकर बरस रही है। दो दिन से जारी झमाझम बारिश ने आसमानी राहत का पिछला कोटा पूरा कर दिया है। पारा नीचे आने से गर्मी से राहत मिली है। 1 जुलाई से अब तक जिले में 143.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को भी जिले में भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी करते हुए ऑरेंज व शनिवार को येलो अलर्ट जारी किया है। इसके बाद मानसून के कमजोर पड़ने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, बरेली इस समय में मानसून अच्छे से सक्रिय है। आंकड़ों में देखें तो गुरुवार सुबह तक बरेली में 59.6,आंवला में 53.8,बहेड़ी में 49.0, मीरगंज में 42.5, नवाबगंज में 42.0 और फरीदपुर में 17.0 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। बरेली में 1 जुलाई से अब तक 143.6 मिली मीटर बारिश दर्ज की गई है। हालांकि बीते सालों की औसत बारिश के मुकाबले ये 11 मिली मीटर कम है। मौसम वैज्ञानिक डॉ. अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मानसूनी द्रौणी उत्तर प्रदेश से होकर गुजर रही है, जो बंगाल की खाड़ी तक जा रही है। जिसकी वजह से नमी युक्त हवाएं बंगाल की खाड़ी से यूपी तक आ रही हैं। शुक्रवार को बरेली समेत आसपास के इलाकों के लिए बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। जबकि शनिवार को मानसून कमजोर पड़ने की वजह से बारिश में थोड़ी कमी आएगी हालांकि येलो अलर्ट जारी रहेगा। इसके बाद रविवार को कही जाकर मानसूनी सक्रियता पूरी तरह कमजोर पड़ने की संभावना है।
खुले इलाकों में ठहरने से बचें
भारी बारिश के अलर्ट के चलते लोगों से जलभराव वाले इलाकों में लोगों से सावधानी बरतने और अनावश्यक रूप से तेज बहाव वाले स्थानों से बचने की अपील की गई है। बिजली चमकने के दौरान खुले स्थानों में रुकने से भी बचने की सलाह दी गई है।
तापमान लुढ़कने से राहत
भारी बारिश की वजह से गुरुवार को तापमान तेजी के साथ नीचे गया। मौसम विभाग के जारी आंकड़ों के मुताबिक अधिकतम तापमान 28.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि न्यूतम तापमान 25.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तेज बारिश के बीच लोगों ने जमकर इसका लुत्फ भी उठाया।
