अमृत सरोवर मिशन में यूपी नंबर-1! 19,989 जलाशयों से बदली गांवों की तस्वीर, हरदोई बना प्रदेश का टॉप जिला
केंद्र सरकार की अमृत सरोवर योजना और अमृत सरोवर 2.0 के तहत उत्तर प्रदेश ने 19,989 अमृत सरोवर विकसित कर देश में पहला स्थान हासिल किया है। हरदोई, आजमगढ़ और गोरखपुर इस अभियान में प्रदेश के शीर्ष जिलों में शामिल हैं।
लखनऊ, अमृत विचार: जल संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ने की दिशा में उत्तर प्रदेश ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। केंद्र सरकार की अमृत सरोवर योजना और अमृत सरोवर योजना-2.0 के तहत प्रदेश में 19,989 अमृत सरोवरों का निर्माण एवं पुनरुद्धार किया गया है। ग्राम्य विकास विभाग के अनुसार, इस उपलब्धि के साथ उत्तर प्रदेश देश में पहले स्थान पर पहुंच गया है।
यह अभियान केवल जल संरक्षण तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इससे ग्रामीण रोजगार, सिंचाई, भूजल पुनर्भरण और पर्यावरण संरक्षण को भी व्यापक लाभ मिला है।
हरदोई सबसे आगे, आजमगढ़ और गोरखपुर भी शीर्ष पर
प्रदेश में सबसे अधिक 1,202 अमृत सरोवर विकसित कर हरदोई पहले स्थान पर रहा। इसके बाद आजमगढ़ (797), गोरखपुर (734), महराजगंज (726) और प्रयागराज (638) शीर्ष पांच जिलों में शामिल हैं।
सरकार का दावा है कि इन जलाशयों ने जल संकट कम करने और भूजल स्तर में सुधार लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
जलाशयों को बनाया गया बहुउद्देशीय केंद्र
अमृत सरोवरों को केवल वर्षा जल संचयन तक सीमित नहीं रखा गया। प्रत्येक सरोवर को कम से कम एक एकड़ क्षेत्र में विकसित किया गया है। इनके आसपास पक्के रास्ते, बैठने की व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था और व्यापक पौधरोपण भी कराया गया है।
इससे ये स्थान जल संरक्षण के साथ-साथ ग्रामीण सामाजिक गतिविधियों और पर्यावरण संरक्षण के केंद्र के रूप में भी विकसित हो रहे हैं।
मनरेगा से जुड़कर मिला ग्रामीणों को रोजगार
योजना के तहत खुदाई, गाद निकालने और सौंदर्यीकरण जैसे कार्यों को मनरेगा (अब विकसित भारत जी-राम-जी) से जोड़ा गया। इससे बड़ी संख्या में ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर रोजगार मिला।
साथ ही वर्षा जल संचयन और भूजल पुनर्भरण बढ़ने से किसानों को सिंचाई के लिए अतिरिक्त जल उपलब्ध हो रहा है, जिससे खेती की लागत घटाने और उत्पादन बढ़ाने में सहायता मिल रही है।
अन्य राज्यों के लिए बना मॉडल
ग्राम्य विकास विभाग का कहना है कि जल संरक्षण, पर्यावरण सुधार और ग्रामीण विकास को एक साथ जोड़ने वाला उत्तर प्रदेश का यह मॉडल अब देश के अन्य राज्यों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनकर उभरा है।
| उपलब्धि | आंकड़ा |
|---|---|
| कुल अमृत सरोवर | 19,989 |
| पहला जिला | हरदोई – 1,202 |
| दूसरा | आजमगढ़ – 797 |
| तीसरा | गोरखपुर – 734 |
| चौथा | महराजगंज – 726 |
| पांचवां | प्रयागराज – 638 |
यह भी पढ़ेंः Alert: स्मार्टफोन और विज्ञापनों ने युवाओं को बनाया जुए का शिकार, रिसर्च में हुआ चौंकाने वाला खुलासा
