Wife Killed Her Husband : नशीली खीर खिलाकर पति को बेहोश किया और फिर कर दी हत्या! बाथरूम में गाड़ा शव, ऐसे हुआ खौफनाक कांड का खुलासा

Amrit Vichar Network
Published By Ateeq Khan
On

चोरी के एक केस में सत्यापन के लिए घर पहुंची पुलिस तो घबराहट में उगल दिया सुरेंद्र की हत्या का राज

मेरठ की मुस्कान ने अपनी पति की हत्या करके उसका शव नीले ड्रम में भरकर सीमेंट भर दिया था। आगरा में रूबी ने अपने पति सुरेंद्र का कत्ल करके, बाथरूम में उसकी लाश दबा दी। फर्श डलवाकर उसे इस्तेमाल करने लगी। हत्या से पहले उसने सुरेंद्र को खीर खिलाई थी, जिसमें नशे की गोलियां मिली थीं। पुलिस को रूबी को गिरफ्तार कर, बाथरूम से सुरेंद्र का कंकाल बरामद किया है।

अमृत विचार, आगरा : उत्तर प्रदेश के आगरा में मेरठ जैसा खौफनाक हत्याकांड सामने आया है। मेरठ की मुस्कान के बाद अब आगरा की रूबी ने अपने पति को नशीली खीर खिलाकर मौत के घाट उतार दिया। घर के बाथरूम में गड्ढा खोदकर उसकी लाश दफ्न कर दी। मिस्त्री बुलाकर बाथरूम में फर्श कराया और उसे इस्तेमाल करने लगी। हत्या के करीब डेढ़ महीने बाद ये खुलासा तब हुआ, जब पुलिस एक केस के सत्यापन के लिए सुरेंद्र के घर पहुंची। पति को मारकर लाश घर में दफ्नाने वाली पत्नी घबरा गई। डर और घबराहट में उसने अपनी करतूत जेठ को बताई। सूचना पर पुलिस ने बाथरूम खोदकर सुरेंद्र का कंकाल बरामद किया और रूबी को गिरफ्तार कर लिया है।


घटनाक्रम आगरा के सिकंदरा के दहोतरा का है। सुरेंद्र (44) अपनी पत्नी रूबी के साथ यहां रहते थे। सुरेंद्र शराब की लत में फंसे थे। आरोप है कि शराब पीकर पत्नी के साथ झगड़ा करते थे। रोज की कलह से तंग आकर रूबी ने सुरेंद्र की हत्या का खौफनाक प्लान बनाया। 
 
पुलिस के मुताबिक रूबी ने हत्या से पहले सुरेंद्र को खीर खिलाई थी। उसमें 20 से ज्यादा नशीली गोलियां मिलाई थीं। सुरेंद्र के बेहोश होने पर रूबी ने उसकी हत्या कर दी। बाथरूम में गड्ढा खोदकर उसका शव दबा दिया। हालांकि पुलिस को आशंका है कि रूबी ये सब काम अकेले नहीं कर सकती। इसलिए घटना में एक दूसरा व्यक्ति भी शामिल हो सकता है। फिलहाल कंकाल बरामद करने के बाद पुलिस इस खौफनाक हत्याकांड की जांच में जुटी है। 

जेठ से बोलीं-मैंने सुरेंद्र को मार डाला 


सुरेंद्र की हत्या करने के बाद रूबी ने उसके भाई अनिल को 18 मई को फोन किया था। बताया कि पुलिस घर पर दबिश दे रही है। अपनी भतीजी और मां को घर ले जाएं। अनिल ने पुलिस को बताया कि मैं भतीजियों और मां को घर ले आया। दूसरे दिन रूबी घर पहुंची। उसने कहा कि सुरेंद्र कहीं चले गए हैं। काफी तलाश के बाद जब नहीं मिले तो 26 मई को प्राची टावर चौकी पहुंचकर गुमशुदगी दर्ज कराई। हालांकि अनिल को रूबी की बातों पर शक हुआ। इस बीच पुलिस भी सुरेंद्र की तलाश में जुट गई।


पुलिस को देखकर डर गई रूबी 


सुरेंद्र पर 9 साल पहले ट्रक चोरी का एक मामला दर्ज हुआ था। उसी सिलसिले में सत्यापन के लिए पुलिस सुरेंद्र के घर पहुंची। पुलिस को देखकर रूबी डर गई। आशंका में कि पुलिस को उसकी करतूत पता चल गई और वह पकड़ी जाएगी। इसी डर में उसने शुक्रवार को अपने जेठ अनिल को फोन करके घर बुलाया और सुरेंद्र की हत्या करके शब बाथरूम में दफ्न करने की बात बताई। रूबी की बातें सुनकर अनिल के पैरों के नीचे की जमीन खिसक गई। उन्होंने पुलिस को खबर दी। पुलिस ने घर पहुंचकर बाथरूम की खुदवाकर सुरेंद्र का कंकाल बरामद किया है। 

बार-बार बदल रही बयान 


पुलिस ने रूबी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में बार-बार वह अपने बयान बदलती रही। कभी कहती कि नींद की गोलियां खिलाई थीं, कभी आत्महत्या बताती। उसने कहा कि डर के मारे उसने शव बाथरूम में दफना दिया था। 


राजस्थान से आगरा शिफ्ट हुआ परिवार 


सुरेंद्र का परिवार मूलरूप से राजस्थान के भरतपुर से था। उनके पिता राधेश्याम शर्मा इंटर कॉलेज में प्रवक्ता थे। रिटायरमेंट के बाद करीब 24 साल पहले आगरा में शिफ्ट हो गए। यहां सिकंदरा के दहोता की रेणुका धाम कॉलोनी में उनका घर है। राधेश्याम के दो बेटे हैं। अनिल और सुरेंद्र। उनकी पत्नी भी जीवति हैं, जिन्हें राधेश्याम की पेंशन मिलती है। 

 

संबंधित समाचार