UP BJP Mission 2027: राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का लखनऊ दौरा आज, रोड शो से बूथ सम्मेलन तक चुनावी तैयारियों को देंगे धार

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

दो दिवसीय उत्तर प्रदेश दौरे पर संगठन की समीक्षा करेंगे भाजपा अध्यक्ष। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्रियों, सांसदों, विधायकों और बूथ कार्यकर्ताओं के साथ होंगी अहम बैठकें।

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव की तैयारियों को गति देने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन 4 और 5 जुलाई को दो दिवसीय संगठनात्मक दौरे पर उत्तर प्रदेश पहुंच रहे हैं। प्रदेश भाजपा की नई टीम के गठन के बाद यह उनका पहला राज्य दौरा है, जिसे संगठन के लिए अहम माना जा रहा है।

एयरपोर्ट से भाजपा मुख्यालय तक होगा स्वागत

प्रदेश भाजपा के अनुसार नितिन नबीन शनिवार सुबह 11 बजे लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे। एयरपोर्ट से भाजपा प्रदेश मुख्यालय तक विभिन्न स्थानों पर पार्टी कार्यकर्ता उनका स्वागत करेंगे।

संगठनात्मक बैठकों में होगी चुनावी रणनीति पर चर्चा

प्रदेश मुख्यालय पहुंचने के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रदेश पदाधिकारियों, क्षेत्रीय अध्यक्षों, प्रदेश मोर्चा अध्यक्षों और जिला अध्यक्षों के साथ महत्वपूर्ण बैठक करेंगे। इन बैठकों में संगठन की समीक्षा, बूथ सशक्तिकरण, शक्ति केंद्रों को मजबूत करने और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर चर्चा होगी।

हनुमान सेतु मंदिर में करेंगे पूजा-अर्चना

शाम 4 बजे नितिन नबीन लखनऊ के हनुमान सेतु मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों उपमुख्यमंत्रियों, भाजपा सांसदों, विधायकों और विधान परिषद सदस्यों के साथ बैठक करेंगे। इसी क्रम में प्रदेश भाजपा कोर कमेटी की बैठक भी आयोजित होगी।

प्रमुख हस्तियों से मुलाकात और मुख्यमंत्री के साथ रात्रि भोज

शाम 7:45 बजे राष्ट्रीय अध्यक्ष पद्मश्री सम्मानित डॉ. विद्या बिंदु सिंह के आवास पर प्रदेश की प्रमुख हस्तियों से मुलाकात करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ रात्रि भोज का कार्यक्रम निर्धारित है।

दूसरे दिन बूथ कार्यकर्ताओं और एनडीए नेताओं से संवाद

5 जुलाई को नितिन नवीन दिन की शुरुआत पूर्व प्रदेश भाजपा अध्यक्षों के साथ चाय पर चर्चा से करेंगे। इसके बाद वे एनडीए नेताओं की संयुक्त बैठक में शामिल होंगे और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य तथा उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के साथ अलग-अलग बैठक करेंगे।

दोपहर 2:45 बजे वे राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर आयोजित भाजपा के शक्ति केंद्र संयोजक सम्मेलन को संबोधित करेंगे और कार्यकर्ताओं को आगामी विधानसभा चुनाव के लिए संगठनात्मक मार्गदर्शन देंगे।

शाम 5 बजे राष्ट्रीय अध्यक्ष लखनऊ के पीर नगर स्थित बूथ अध्यक्ष शिवाजी रावत के आवास पर पहुंचकर बूथ स्तर पर चल रहे संगठनात्मक कार्यों और पार्टी कार्यक्रमों की समीक्षा करेंगे।

भाजपा के अनुसार यह दौरा संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, नवगठित प्रदेश टीम का मार्गदर्शन करने तथा आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

यह भी पढ़ेंः UP Electricity News : यूपी में लगातार सातवें साल नहीं बढ़ीं बिजली दरें, मंत्री AK शर्मा बोले- देश में सबसे बेहतर बिजली आपूर्ति

संबंधित समाचार