यूपी ग्रामीण बैंक का अजब-गजब कारनामा, शिक्षक के खाते से गायब हुए 74 हजार

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

बहराइच के खाताधारक ने पुलिस और IGRS में की शिकायत, शाखा प्रबंधक ने कहा- सूचना मिलते ही पूरी राशि खाते में वापस करा दी गई।

बहराइच। जिले के बाबागंज क्षेत्र में उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। जमोग शाखा में खाता रखने वाले एक सरकारी शिक्षक के खाते से करीब 74 हजार रुपये दो अलग-अलग तिथियों पर किसी अन्य खाते में ट्रांसफर किए जाने का आरोप लगा है। पीड़ित ने इस मामले की शिकायत पुलिस और आईजीआरएस पोर्टल पर दर्ज कराते हुए उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, सरकारी शिक्षक विनोद कुमार गिरि का खाता उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक की जमोग शाखा में संचालित है। उन्होंने बताया कि 8 जुलाई को जब वह खाते से धनराशि निकालने बैंक पहुंचे तो खाते में जमा रकम गायब मिली। जांच कराने पर पता चला कि 29 जून को 6,485 रुपये और 2 जुलाई को 67,659 रुपये किसी अन्य खाते में ट्रांसफर किए गए थे।

पीड़ित का आरोप है कि इस तरह की अनियमितताओं की शिकायतें पहले भी सामने आती रही हैं और कई खाताधारक इससे प्रभावित हुए हैं। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। इस घटना के बाद क्षेत्र के शिक्षकों में भी नाराजगी बताई जा रही है।

बैंक प्रबंधन ने क्या कहा?

इस मामले में उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक की चरदा शाखा के शाखा प्रबंधक मोहित कुमार ने बताया कि यह घटना तकनीकी समस्या के कारण हुई थी, जिसकी वजह से धनराशि गलती से दूसरे खाते में चली गई थी। उन्होंने कहा कि जैसे ही उन्हें शिकायत मिली, उसी दिन संबंधित राशि पीड़ित के खाते में वापस करा दी गई।

शाखा प्रबंधक ने यह भी बताया कि उन्होंने हाल ही में शाखा का कार्यभार संभाला है और भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों, इसके लिए संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।

संबंधित समाचार