इक्वाडोर ने जर्मनी को 2-1 से हराकर किया बड़ा उलटफेर, जीत के साथ नॉकआउट स्टेज में पहुंचा
न्यू जर्सी (अमेरिका): मुश्किल हालात में एक गोल से पिछड़ने के बावजूद इक्वाडोर ने विश्वकप का सबसे बड़ा उलटफेर कर जर्मनी पर 2-1 से अहम जीत दर्ज कर नॉकआउट चरण में अपनी जगह पक्की कर ली। सेबेस्टियन बेकासेसे की टीम की शुरुआत बहुत खराब रही, जब लेरॉय साने ने सिर्फ़ दो मिनट में जर्मनी को एक गोल से आगे कर दिया, लेकिन इक्वाडोर ने जल्द ही वापसी की।
नौवें मिनट में निल्सन अंगुलो ने गोलकर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। अंगुलो ने दूर से एक शानदार शॉट मारकर न्युअर को छकाते हुए गोल किया।
हालांकि, इक्वाडोर के लिए ड्रॉ काफी नहीं था, क्योंकि उन्हें पता था कि टूर्नामेंट से जल्दी बाहर होने से बचने के लिए जीत जरूरी है, और तीन पॉइंट हासिल करने के लिए उन्हें बहुत मेहनत करनी पड़ी। और आखिरकार 77वें मिनट में अहम सफलता मिली, जब रोड्रिगेज के हेडर से गेंद प्लाटा के पास पहुंची और उन्होंने न्युअर को छकाते हुए गोल करके अपनी टीम को 2-1 से आगे कर दिया।
मैच शुरू होने से पहले इक्वाडोर ने इस टूर्नामेंट में एक भी गोल नहीं किया था और अब तक सबसे कम शॉट (सात) लगाए थे। हार के बावजूद, जर्मनी अपने शुरुआती दो मैच जीतने के कारण ग्रुप ई में शीर्ष पर बनी हुई है। बेहतर हेड-टू-हेड रिकॉर्ड की वजह से वह दूसरे स्थान पर मौजूद आइवरी कोस्ट से आगे रही। इक्वाडोर तीसरे स्थान पर रही और ग्रुप एल के नतीजों के आधार पर राउंड ऑफ़ 32 में इंग्लैंड से उसका मुकाबला हो सकता है, जबकि कुराकाओ सिर्फ़ एक अंक के साथ सबसे नीचे रही।
यह भी पढ़ेंः काशी में गूंजी शहनाई: क्रिकेटर आकाशदीप ने अक्षिता संग लिए सात फेरे, बारात में जमकर नाचे तेज गेंदबाज
