वेनेजुएला भूकंप के बाद 30 आफ्टरशॉक, मरने वालों की संख्या 235, 5 हजार से ज्यादा हेल्थ वर्कर जान बचाने में जुटे
काराकास। वेनेज़ुएला में बुधवार को विनाशकारी भूकंप से मरने वालों की संख्या बढ़कर 235 हो गई है। स्वास्थ्य मंत्री कार्लोस अल्वाराडो ने यह जानकारी दी। अल्वाराडो ने सरकारी टीवी चैनल वीटीवी पर कहा, "आज शाम 7:00 बजे तक, हमने 4,300 से ज़्यादा घायल लोगों की मदद की है। उनमें से ज़्यादातर को मामूली चोटें आईं, लेकिन कुछ मरीज़ों की हालत मध्यम से गंभीर है और कई लोगों को सर्जरी की ज़रूरत पड़ी।"
ला गुएरा राज्य में मौतें और घायल होने के मामले दर्ज
वेनेजुएला के स्वास्थ्य मंत्री कार्लोस अल्वाराडो ने मीडिया से कहा, " स्वास्थ्य केंद्रों को अब तक करीब 235 शव मिल चुके हैं।" उन्होंने कहा कि देश भर के अस्पतालों और क्लीनिकों में कम से कम 4,300 घायलों का इलाज किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लगभग 235 लोगों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जो "पहले से ही मृत थे या मेडिकल सुविधाओं तक पहुँचने के तुरंत बाद उनकी मौत हो गई।" मंत्री ने कहा कि सबसे गंभीर स्थिति ला गुएरा राज्य में है, जहाँ सबसे ज़्यादा मौतें और घायल होने के मामले दर्ज किए गए हैं। वहीं अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (यूएसजीएस) की चेतावनी के अनुसार, बुधवार रात (स्थानीय समयानुसार) काराकास से लगभग 160 किलोमीटर पश्चिम में 7.2 तीव्रता का भूकंप आया था। इसके कुछ ही सेकेंड के बाद 7.5 तीव्रता का दूसरा और अधिक शक्तिशाली झटका महसूस किया गया।
युद्ध स्तर पर जुटे 5,000 से ज़्यादा मेडिकल वर्कर
अल्वाराडो ने कहा कि भूकंप के तुरंत बाद, पूरे देश में राज्य आपातकालीन प्रतिक्रिया तंत्र को सक्रिय कर दिया गया और सबसे बुरी तरह प्रभावित इलाकों में मदद के लिए 5,000 से ज़्यादा मेडिकल कर्मचारियों (जिनमें 1,200 से ज़्यादा डॉक्टर शामिल हैं) को तैनात किया गया। उन्होंने कहा कि न केवल सरकारी बल्कि निजी क्लीनिक भी इस प्रयास में शामिल हुए हैं। 150 से ज़्यादा मरीज़ों का इलाज निजी मेडिकल सुविधाओं में किया जा रहा है, और मामूली चोट वाले कई घायल लोगों को पहले ही छुट्टी दे दी गई है।
30 आफ्टरशॉक से थर्रायी वेनेज़ुएला की धरती
बुधवार को वेनेज़ुएला में 7.2 और 7.5 तीव्रता के दो ज़बरदस्त भूकंप आए। इनके बाद 30 आफ्टरशॉक (भूकंप के बाद के झटके) महसूस किए गए। कई घर तबाह हो गए, बुनियादी ढाँचे और अस्पतालों को नुकसान पहुँचा और देश का मुख्य हवाई अड्डा बंद कर दिया गया। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने विनाशकारी भूकंप के दुखद नतीजों पर संवेदना व्यक्त की। मॉस्को ने काराकास की मदद करने की अपनी तत्परता ज़ाहिर की।
अमेरिकी एजेंसी ने जतायी 10,000 से अधिक मौतों की आशंका
वेनेजुएला में कुछ ही सेकंड के अंतराल पर आये दो विनाशकारी भूकंप के झटकों के कारण मलबे में तब्दील इमारतों के बीच बचावकर्मी तेजी से लोगों को तलाश रहे हैं, जिनकी सांसें चल रही हों। आधिकारिक आंकड़े के अनुसार, इस तबाही में अब तक कम से कम 235 लोगों की मौत हो चुकी है और 4,300 से अधिक लोग घायल हैं। वहीं अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (यूएसजीएस) ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि इस आपदा में मरने वालों का आंकड़ा 10,000 पार कर सकता है।
यूएसजीएस ने चेतावनी दी है कि मरने वालों की संख्या 10,000 से अधिक हो सकता है, हालांकि आधिकारिक आंकड़े अभी सामने आ रहे हैं। बचावकर्मी फिलहाल मौतों के संभावित आंकड़े की सटीक संख्या बताने से बच रहे हैं। इस आपदा में हजारों लोग बेघर हो गये हैं, जबकि कई हजार लोग क्षतिग्रस्त और संभावित रूप से असुरक्षित हो चुकी इमारतों में रहने से डर रहे हैं।
सड़के और पार्क बन जाते है बेड और कमरा
इस आपदा के बाद वेनेजुएला की सड़कें और पार्क रात ढलते ही एक बड़े साझा बेडरूम में तब्दील हो गये हैं, जहां लोग रात गुजारने को मजबूर हैं। एक के बाद एक आये इन शक्तिशाली भूकंपों के झटके बहुत बड़े इलाके में महसूस किये गये, जिसके कारण कई शहरों में इमारतों को खाली कराना पड़ा। वेनेजुएला की राजधानी से करीब 1,700 किलोमीटर दूर ब्राजील के अमेजन क्षेत्र तक भूकंप के झटके महसूस किये गये। भूकंप के कारण काराकास के पास स्थित सिमोन बोलिवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को नुकसान पहुंचा है, जिससे देश के इस मुख्य अंतरराष्ट्रीय प्रवेश द्वार को बंद करना पड़ा।
प्रशासन ने अनिश्चितकाल के लिए स्कूल में कक्षाओं पर रोक लगा दी हैं। शिक्षा मंत्रालय ने घोषणा की है कि विद्यालयों की कुछ इमारतों को अस्थायी राहत शिविरों और सहायता सामग्री संग्रह केंद्रों में बदला जायेगा।
