Barabanki News : पद्मश्री के.डी. सिंह 'बाबू' स्मृति संग्रहालय का डीएम ने किया निरीक्षण, कहा- गुणवत्ता से समझौता नहीं
बाराबंकी में पद्मश्री के.डी. सिंह 'बाबू' स्मृति संग्रहालय के निर्माण कार्य का डीएम ईशान प्रताप सिंह ने निरीक्षण किया। 8.98 करोड़ रुपये की परियोजना में गुणवत्ता और समयबद्ध कार्य के निर्देश दिए।
बाराबंकी, अमृत विचार। जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने गुरुवार को अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी पद्मश्री के.डी. सिंह 'बाबू' के पैतृक आवास पर विकसित किए जा रहे स्मृति संग्रहालय के निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने कार्यदायी संस्था को निर्माण कार्य निर्धारित मानकों एवं तकनीकी गुणवत्ता के अनुरूप कराने के निर्देश देते हुए स्पष्ट कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
डीएम ने निर्देश दिए कि संग्रहालय के निर्माण के दौरान भवन की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत को अक्षुण्ण रखते हुए रिस्टोरेशन कार्य मूल स्वरूप के अनुरूप कराया जाए। उन्होंने कहा कि यह संग्रहालय जनपद की खेल विरासत का प्रतीक और नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत होगा। साथ ही आगंतुकों की सुविधाओं, परिसर विकास, पार्किंग और संग्रहालय की उपयोगिता से जुड़े सभी कार्य समयबद्ध ढंग से पूरे किए जाएं।
उन्होंने बताया कि ₹898.27 लाख लागत की इस परियोजना का निर्माण कार्य यू.पी. प्रोजेक्ट्स कॉरपोरेशन लिमिटेड, यूनिट-14, लखनऊ द्वारा कराया जा रहा है, जिसमें रिस्टोरेशन, इंटीरियर, साइट डेवलपमेंट, लैंडस्केपिंग, प्लंबिंग, इलेक्ट्रिफिकेशन और फायर फाइटिंग सहित विभिन्न कार्य शामिल हैं। निरीक्षण के दौरान जॉइंट मजिस्ट्रेट/एसडीएम नवाबगंज गुंजिता अग्रवाल, सहायक पीएम यूपीपीसीएल एवं कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
