एटा में मुहर्रम जुलूस के दौरान बड़ा हादसा: हाईटेंशन लाइन की चपेट में आई ताजिया, एक युवक की मौत, तीन झुलसे
एटा: उत्तर प्रदेश के एटा जिले में मुहर्रम जुलूस के दौरान बड़ा हादसा हो गया। अलीगंज कस्बे में निकाले जा रहे ताजिया जुलूस के दौरान ताजिया हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गई। इस हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि करंट लगने से तीन अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ताजिया निकालते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, अलीगंज कस्बे में मुहर्रम के अवसर पर ताजिया जुलूस निकाला जा रहा था। इसी दौरान ताजिया हाईटेंशन विद्युत लाइन के संपर्क में आ गई। करंट फैलने से मौके पर मौजूद चार लोग उसकी चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
एक की मौत, तीन को हायर सेंटर रेफर
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि तीन अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
इलाके में पुलिस तैनात, जांच जारी
हादसे के बाद क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ताजिया की ऊंचाई अधिक थी और उसे झुकाकर निकालने का प्रयास किया जा रहा था। इसी दौरान वह हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गई।
मुख्यमंत्री ने पहले ही दिए थे निर्देश
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए थे कि मुहर्रम के दौरान निकाले जाने वाले ताजिया की ऊंचाई 10 से 12 फीट से अधिक नहीं होनी चाहिए, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना न हो। इसके बावजूद एटा में यह हादसा हो गया।
पुलिस का क्या कहना है?
एसपी सिटी श्वेताभ पाण्डेय ने बताया कि मुहर्रम जुलूस के दौरान यह दुर्घटना हुई। उनके अनुसार, ताजिया झुकने के दौरान हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आने से हादसा हुआ। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
यह भी पढ़ेंः Muharram 2026: कर्बला के शहीदों की याद में डूबा लखनऊ, 10वीं मोहर्रम को लेकर रूट डायवर्जन जारी
