बाराबंकी में यूपीटीईटी परीक्षा शुरू : पहले दिन 8,175 अभ्यर्थी शामिल, 1,281 रहे अनुपस्थित

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

14 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा और सघन जांच के बीच हुई परीक्षा, 1,281 परीक्षार्थी रहे गैरहाजिर

बाराबंकी, अमृत विचार। जिले में बनाए गए 14 केन्द्रों पर शिक्षक पात्रता परीक्षा का आगाज गुरुवार को हो गया। सघन तलाशी व सख्त माहौल के बीच पहले दिन दो पालियों में 8175 परीक्षार्थियों ने हाजिरी दर्ज कराई जबकि 1281 ने परीक्षा से किनारा कर लिया। सभी केन्द्रों पर सुरक्षा व्यवस्था का कड़ा इंतजाम रहा।

बता दें कि यूपीटीईटी परीक्षा दो से चार जुलाई तक कुल पांच पालियों में संपन्न होगी। इसके लिए जिले में 14 केंद्र राजकीय इंटर कॉलेज नगर, पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज नगर, अजीमुद्दीन अशरफ इस्लामिया इंटर कॉलेज सत्यप्रेमी नगर, जमील उर रहमान किदवई इस्लामिया गर्ल्स इंटर कॉलेज कंपनी बाग, फतेहचंद्र जगदीश राय इंटर कॉलेज सफदरगंज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज चिलीकी सफदरगंज, नूर मोहम्मद इंटर कॉलेज पासी नगर जैदपुर, पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज बरौलीजाटा आदि बनाए गए।

पांच पालियों में हो रही तीन दिवसीय परीक्षा के लिए कुल 23 हजार 640 परीक्षार्थी आवंटित किए गए थे। गुरुवार को सभी केन्द्रों पर टेट परीक्षा की शुरुआत हो गई। पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था के बीच सघन तलाशी के बाद परीक्षार्थियों को प्रवेश दिया गया। मौसम अनुकूल होने से परीक्षार्थी ही नहीं ड्यूटी में लगे कर्मी भी राहत महसूस करते दिखे।

गुरुवार को पहली पाली में 4050 परीक्षार्थी हाजिर तो 678 गैर हाजिर रहे। इसी तरह दूसरी पाली में 4125 हाजिर तो 603 गैर हाजिर रहे। इस तरह कुल 9456 में से 8175 परीक्षार्थियों ने टेट परीक्षा दी। अपर जिलाधिकारी निरंकार सिंह ने बताया कि परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। सभी केन्द्रों का जायजा लेने के साथ ही कड़ी निगरानी रखी गई।

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज