बाराबंकी में खाद विक्रेताओं पर बड़ी कार्रवाई : 60 दुकानों पर छापे, 2 लाइसेंस निरस्त, 15 को नोटिस

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

बाराबंकी में खरीफ सीजन के दौरान कृषि विभाग ने 60 उर्वरक बिक्री केंद्रों पर छापेमारी की। कार्रवाई में 15 नमूने लिए गए, 2 खाद विक्रेताओं के लाइसेंस निरस्त किए गए और 15 को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।

बाराबंकी, अमृत विचार। खरीफ फसलों की बुवाई व रोपाई के मद्देनजर जनपद में उर्वरक की उपलब्धता, निर्धारित दर पर बिक्री और टैगिंग की जांच हेतु कृषि एवं सहकारिता विभाग की टीमों द्वारा तहसीलवार अभियान चलाकर कुल 60 उर्वरक बिक्री केंद्रों पर छापे डाले गए। इस दौरान 15 नमूने लिए गए, 2 विक्रेताओं के प्राधिकार-पत्र निरस्त किए गए तथा 15 विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।

तहसील नवाबगंज में उप कृषि निदेशक उमेश कुमार ने 8 केंद्रों पर छापे डालकर 1 नमूना लिया। तहसील फतेहपुर में जिला कृषि अधिकारी राजित राम ने 21 केंद्रों का निरीक्षण किया, 7 नमूने लिए तथा लगातार बंद पाए जाने पर मेसर्स वैष्णवी खाद भंडार (इस्माइलपुर) और यादव खाद भंडार (रसूलपुर विशुनपुर) का लाइसेंस निरस्त किया। वहीं कई अन्य प्रतिष्ठानों के बंद मिलने पर नोटिस जारी किए गए।

हैदरगढ़ में जिला कृषि रक्षा अधिकारी विजय कुमार ने 8 छापों में 3 नमूने लिए, सिरौलीगौसपुर में भूमि संरक्षण अधिकारी सौरभ कुमार ने 6, रामसनेहीघाट में भूमि संरक्षण अधिकारी विनोद कुमार यादव ने 5 तथा रामनगर में वरिष्ठ प्राविधिक सहायक देशराज ने 12 छापे डालकर 4 नमूने लिए। इस दौरान अधिकारियों ने सभी विक्रेताओं को रेट व स्टॉक बोर्ड प्रदर्शित करने, पीओएस मशीन से निर्धारित दर पर बिना टैगिंग बिक्री करने और बिक्री पंजिका अद्यतन रखने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि अनियमितता पर सख्त कार्रवाई होगी।

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज