Pilibhit News : आवारा कुत्तों का आतंक, डेढ़ साल के मासूम और बचाने दौड़ी किशोरी पर किया हमला..पड़ोसियों ने बचाया
बरखेड़ा, अमृत विचार। क्षेत्र में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार सुबह मचवाखेड़ा गांव में एक संदिग्ध पागल कुत्ते ने डेढ़ साल के मासूम और उसे बचाने पहुंची 12 वर्षीय किशोरी पर हमला कर दिया। दोनों घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए सीएचसी ले जाकर एंटी रैबीज वैक्सीन लगवाई गई।
थाना बरखेड़ा क्षेत्र के गांव मचवाखेड़ा निवासी ओमकार ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे उनका डेढ़ वर्षीय पुत्र मानव गंगवार घर के गेट पर खेल रहा था। तभी एक आवारा कुत्ते ने उस पर हमला कर दिया। मासूम की चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी सुनील की 12 वर्षीय पुत्री रिया गंगवार उसे बचाने दौड़ी, लेकिन कुत्ते ने उसे भी काट लिया। ग्रामीणों ने किसी तरह कुत्ते को भगाकर दोनों को बचाया।
ग्रामीणों का कहना है कि यह कुत्ता कई दिनों से गांव में घूम रहा है और उसका व्यवहार असामान्य है। इससे पहले भी वह लोगों पर झपटने की कोशिश कर चुका है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने आवारा कुत्ते को पकड़वाने की मांग की है, ताकि कोई बड़ा हादसा न हो। फिलहाल दोनों घायलों को सीएचसी में एंटी रैबीज वैक्सीन लगाई गई है।
