बलिया पुलिस मुठभेड़ में संदिग्ध गौ तस्कर गिरफ्तार, जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

बलिया: शहर कोतवाली पुलिस ने देर रात हुई मुठभेड़ के दौरान एक संदिग्ध गोतस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) संजय वर्मा के अनुसार, बृहस्पतिवार और शुक्रवार की दरमियानी रात करीब 12:30 बजे शहर कोतवाली पुलिस ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के समीप शिवरामपुर घाट रोड पर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक स्कॉर्पियो वाहन को रोकने का संकेत दिया गया, लेकिन चालक ने वाहन मोड़कर किनाराम घाट की ओर भागने का प्रयास किया।

पुलिस टीम ने वाहन का पीछा किया। अधिकारियों के मुताबिक, खुद को घिरता देख चालक स्कॉर्पियो से उतर गया और पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी घायल हो गया और उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान नरही थाना क्षेत्र के इच्छा चौबे का पुरा गांव निवासी मदन मोहन उर्फ डब्ल्यू यादव (27) के रूप में हुई है। मुठभेड़ में उसके दाहिने पैर में गोली लगी है और उसका उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है।

एएसपी ने बताया कि मदन मोहन के खिलाफ जिले के विभिन्न थानों में कुल 18 आपराधिक मुकदमे*दर्ज हैं। वह फेफना थाने में दर्ज गोतस्करी के एक मामले में फरार चल रहा था।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक देसी तमंचा और कारतूस*भी बरामद किए हैं। अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार आरोपी गोतस्करी के मामलों में सक्रिय रहा है और नरही थाने का कुख्यात अपराधी भी है।

यह भी पढ़ेंः राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला: 8 आरोपियों की साजिश का खुलासा, करोड़ों की हेराफेरी की जांच तेज, जानें कैसे बनता था पूरा प्लान

संबंधित समाचार