त्रिपुरा में 8 बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार, बड़ी साजिश की आशंका; पूछताछ में हुआ चौंकाने वाला खुलासा

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

अगरतला। त्रिपुरा पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए रविवार शाम अगरतला के महाराजा बीर बिक्रम (MBB) एयरपोर्ट इलाके से आठ बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। इन सभी पर गैर-कानूनी तरीके से भारतीय सीमा में प्रवेश करने और हवाई मार्ग से आगे की यात्रा करने की कोशिश का आरोप है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

खुफिया जानकारी पर हुई कार्रवाई

हवाई अड्डा पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस को पहले एक पुख्ता खुफिया इनपुट मिला था। जानकारी के मुताबिक, चार बांग्लादेशी नागरिक अवैध रूप से त्रिपुरा में घुसकर हवाई अड्डे के रास्ते राज्य से बाहर भागने की फिराक में थे। इस इनपुट के आधार पर पुलिस ने एयरपोर्ट और आसपास के इलाकों में निगरानी बढ़ा दी और शुरुआत में चार संदिग्धों को दबोच लिया।

पूछताछ के बाद दूसरा ग्रुप भी दबोचा

पहले समूह से जब पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की, तो उन्होंने अपने अन्य साथियों के बारे में भी सुराग दे दिए। इस जानकारी के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने हवाई अड्डे के पास से ही चार और बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार कर लिया। इस तरह कुल गिरफ्तारियों की संख्या आठ हो गई है।

दक्षिण भारत जाने की थी तैयारी, कोर्ट में पेशी

प्रारंभिक पूछताछ में यह बात सामने आई है कि पकड़े गए सभी आठों बांग्लादेशी नागरिक अगरतला से कोलकाता होते हुए दक्षिण भारत के किसी राज्य में जाने की योजना बना रहे थे। पुलिस ने सभी आरोपियों को स्थानीय अदालत में पेश किया है और आगे की पूछताछ के लिए उन्हें पुलिस हिरासत में सौंपने की अनुमति मांगी है।

बड़ी साजिश की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस और केंद्रीय जांच एजेंसियां अब इस बात का पता लगाने में जुटी हैं कि इन नागरिकों ने त्रिपुरा सीमा में कहां से और किसकी मदद से घुसपैठ की। जांचकर्ता इस बात की भी तफ्तीश कर रहे हैं कि उनका अंतिम ठिकाना कहां था और क्या यह पूरा मामला मानव तस्करी (Human Trafficking) या अवैध आव्रजन से जुड़े किसी बड़े अंतरराष्ट्रीय गिरोह का हिस्सा तो नहीं है।

ये भी पढ़ें  : 
Trump Road: हैदराबाद में ट्रंप के नाम की सड़क, तेलंगाना सरकार ने बताया क्यों लिया यह बड़ा फैसला

संबंधित समाचार