नोएडा में आग का तांडव, झुग्गी में शॉर्ट सर्किट तो सोसाइटी में AC ब्लास्ट से भड़की भीषण आग, 3 फ्लैट जलकर खाक

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

नोएडा। दिल्ली से सटे नोएडा में सोमवार का दिन अग्निकांडों के नाम रहा। शहर के दो अलग-अलग इलाकों में आग लगने से हड़कंप मच गया। जहां एक तरफ सेक्टर-9 की झुग्गियों में शॉर्ट सर्किट के कारण भीषण आग लगी, वहीं दूसरी तरफ सेक्टर-119 स्थित एक हाईराइज सोसाइटी की 21वीं मंजिल पर एयर कंडीशनर (AC) फटने से तीन फ्लैट आग की लपटों में घिर गए। दमकल विभाग की मुस्तैदी के चलते दोनों ही जगहों पर एक बड़ा हादसा टल गया और किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

पहला हादसा

सेक्टर-9 की झुग्गी में शॉर्ट सर्किट से मची अफरा-तफरी

नोएडा फेस-1 थाना क्षेत्र के अंतर्गत सेक्टर-9 स्थित बी-25 के सामने बनी एक झुग्गी में सोमवार को अचानक शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लग गई। घने बसे क्षेत्र में आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया और इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

4 दमकल गाड़ियों ने संभाला मोर्चा

स्थानीय लोगों की सूचना पर फेस-1 थाने की पुलिस टीम और फायर सर्विस की 4 गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सबसे पहले इलाके को सुरक्षित किया और लोगों को घटनास्थल से दूर हटाया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। समय रहते कार्रवाई होने से आग आसपास की अन्य झुग्गियों तक नहीं फैल सकी। हालांकि, पीड़ित परिवार का घरेलू सामान जलकर खाक हो गया है।


दूसरा हादसा

अरण्या सोसाइटी में AC ब्लास्ट, 21वीं मंजिल पर दहके फ्लैट्स

दूसरा और अधिक डरावना हादसा सेक्टर-119 स्थित अरण्या सोसाइटी में हुआ। यहाँ सोमवार सुबह 21वीं मंजिल पर स्थित एक फ्लैट के एयर कंडीशनर (एसी) में जोरदार धमाके के साथ विस्फोट हो गया। विस्फोट इतना भीषण था कि आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और पड़ोस के दो अन्य फ्लैटों को भी अपनी चपेट में ले लिया।

6 गाड़ियों ने पाया आग पर काबू

मुख्य दमकल अधिकारी (CFO) प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि सुबह सोसाइटी में आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल की 6 गाड़ियों को तुरंत मौके पर रवाना किया गया। ऊंचाई पर आग होने के कारण दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी, लेकिन आखिरकार आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। इस घटना में तीनों फ्लैट्स में रखा कीमती सामान जलकर पूरी तरह नष्ट हो गया है, पर गनीमत रही कि कोई भी व्यक्ति इसकी चपेट में नहीं आया।

150 से ज्यादा AC ब्लास्ट की घटनाएं

CFO प्रदीप कुमार चौबे ने एक चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि इस साल गर्मियों के मौसम में अब तक अकेले नोएडा शहर में 150 से अधिक जगहों पर एसी में विस्फोट के कारण आग लगने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इसके अलावा, रविवार रात भी गोल्डन आई कमर्शियल बिल्डिंग की 9वीं मंजिल पर स्थित एक ऑफिस में आग लगी थी, जहाँ कोई जनहानि नहीं हुई।

पुलिस और दमकल विभाग की जनता से अपील

इन लगातार हो रहे हादसों को देखते हुए पुलिस और फायर विभाग ने नागरिकों के लिए एक जरूरी एडवाइज़री जारी की है, अपने घरों, दफ्तरों और झुग्गियों में बिजली के तारों, स्विच बोर्ड और अन्य विद्युत उपकरणों की नियमित रूप से जांच (Electricity Audit) कराते रहें। गर्मियों में लगातार चल रहे एसी (AC) की समय पर सर्विसिंग कराएं और उन्हें कुछ समय का ब्रेक जरूर दें ताकि ओवरहीटिंग न हो। किसी भी प्रकार की चिंगारी, शॉर्ट सर्किट या आग लगने की स्थिति में बिना वक्त गंवाए तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम और फायर सर्विस को सूचित करें।

ये भी पढ़ें  : 
गोंडा में 709 दिव्यांगजनों को मिले 1030 सहायक उपकरण, केंद्रीय विदेश राज्यमंत्री ने दिखाई हरी झंडी

संबंधित समाचार