लखनऊ : बंद घर में पहले खाई AC की हवा, फिर लाखों का सामान किया पार 

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

गुडंबा के मोहम्मदपुर खत्री इलाके में हुई घटना, एफआईआर दर्ज, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस

लखनऊ, अमृत विचार: गुडंबा के मोहम्मदपुर खत्री स्थित बसेरा विहार कालोनी में टोपी पहनकर बंद मकान में दो चोर घुस गये। दोनों ने खाली मकान देखा। घर की एसी ऑन की। गर्मी में ठंड का एहसास लेते हुए शराब पी और खाना-खाया। इस दौरान करीब दोनों ने घर के अंदर 26 घंटे तक डेरा डाले रखा। इसके बाद घर में रखे लाखों रुपये के सामान समेट कर निकल गये। जानकारी होने पर पीड़ित ने थाने में शिकायत की। पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है।

मोहम्मदपुर खत्री स्थित बसेरा विहार कालोनी निवासी प्रशांत मणि त्रिपाठी गुरुग्राम में नौकरी करते हैं। प्रशांत के मुताबिक, 31 मई को पत्नी और बच्चों के साथ गुरुग्राम चले गए थे। मकान में ताला बंद था। 27 जून को परिजन के साथ वापस घर पहुंचे। अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। खिड़की का शीशा टूटा हुआ था, दरवाजों की कुंडियां क्षतिग्रस्त थीं और घर का सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे पत्नी के सोने-चांदी के आभूषण और 26 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए गए थे। घटना का खुलासा पड़ोस में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से हुआ।

गुरुवार 12.35 बजे घुसे, शुक्रवार रात 2.15 बजे निकले

पीड़ित के मुताबिक फुटेज में दिखाई दे रहा है कि 25 जून की रात करीब 12:32 बजे टोपी पहनकर दो युवक मकान में दाखिल हुए। इसके बाद दोनों चोर लगातार करीब 26 घंटे तक घर के अंदर ही रहे। इस दौरान उन्होंने घर में डेरा डाल लिया। चोरों ने एसी चलाकर आराम किया, घर में रखे ड्राई फ्रूट्स और खाद्य सामग्री खाई तथा शराब भी पी। इतना ही नहीं, उन्होंने दीवारों और शीशों पर अभद्र टिप्पणियां लिखीं और अश्लील चित्र भी बनाए। 

सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, दोनों आरोपी 26 जून की रात करीब 2:15 बजे चोरी का सामान लेकर मकान से बाहर निकलते दिखाई दिए। प्रशांत मणि त्रिपाठी ने गुडंबा थाने में तहरीर दी है। उन्होंने पुलिस को सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य साक्ष्य भी उपलब्ध कराए हैं। इंस्पेक्टर गुडंबा अंजनी मिश्रा ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के जरिए संदिग्धों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू कर दी गई है।

ये भी पढ़ें  : 
बलिया : मुहर्रम ड्यूटी के बीच थाना परिसर से फरार 25 हजारी इनामी, कोर्ट में किया सरेंडर; 3 पुलिसकर्मी निलंबित

संबंधित समाचार