Lakhimpur Kheri News : चार करोड़ की हेराफेरी पर भड़कीं महिलाएं, डीएम कार्यालय पर तीन घंटे धरना

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

डीएम ने डीसी एनआरएलएम को तलब कर लगाई फटकार, दोषियों पर एफआईआर और कड़ी कार्रवाई के दिए निर्देश

लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। विकासखंड निघासन के आदर्श प्रेरणा संकुल स्तरीय संघ बेलरायां (सीएलएफ) में कथित 4 करोड़ रुपये की वित्तीय अनियमितताओं और वर्षों से लंबित चुनाव की मांग को लेकर बड़ी संख्या में स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं मंगलवार को डीएम कार्यालय पर पहुंची और करीब 3 घंटे तक धरना देकर दोषी पदाधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई और चारों क्लस्टरों में तत्काल चुनाव कराने की मांग उठाई। साथ ही उन्हें घोटाले से संबंधित साक्ष्यों समेत शिकायती पत्र सौंपा।

महिलाओं ने डीएम अंजनी कुमार सिंह को बताया कि बेलरायां सीएलएफ में करीब 4 करोड़ रुपये की वित्तीय गड़बड़ी कर रुपये हड़पे गए हैं। जिसके सभी साक्ष्य डीसी एनआरएलएम जितेंद्र कुमार मिश्रा को उपलब्ध कराए गए थे। ब्लॉक स्तरीय जांच में आरोपों की पुष्टि भी हो चुकी है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। आरोप था कि वर्ष 2016 से पदाधिकारी संघ पर काबिज हैं। जब बीएमएम ने पदाधिकारियों में बदलाव और चुनाव की प्रक्रिया शुरू की तो आरोपी महिलाओं के दबाव में डीसी एनआरएलएम ने बीएमएम आशीष दीक्षित को तत्काल हटा दिया, जिससे पूरी चुनाव प्रक्रिया ठप हो गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएम ने डीसी एनआरएलएम जितेंद्र कुमार मिश्र को तलब किया। बीएमएम को हटाने और जांच रिपोर्ट के बावजूद कार्रवाई न करने पर डीसी को कडी फटकार लगाई। दोषी पदाधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराकर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। डीएम ने महिलाओं को आश्वस्त किया कि पूरे प्रकरण की जांच कराई जाएगी और जो दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी। हालांकि महिलाएं तत्काल चुनाव संबंधी पत्र जारी कराने की मांग पर अड़ी रहीं और डीएम कार्यालय के बरामदे में धरने पर बैठ गईं। बाद में डीएम के आश्वासन पर धरना समाप्त हुआ।

07

खाते सीज, चुनाव के लिए बीडीओ को भेजे पत्र
डीएम कार्यालय के बाद सैकड़ों महिलाएं विकास भवन स्थित डीसी एनआरएलएम कार्यालय पहुंची और डीसी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारी महिलाएं चुनाव की तिथि जारी करने, बीएमएम का स्थानांतरण रोकने और दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की मांग करने लगी। डीसी एनआरएलएम के कहने पर वहां मौजूद बीएमएम आशीष दीक्षित  ने उन्हें काफी समझाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं मानी और मांगों पर कार्रवाई होने पर ही कार्यालय का घेराव समाप्त करने पर अड़ गई। डीसी ने जिले के 60 क्लस्टरों के खाते सीज करने और पदाधिकारियों के बदलाव की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश सभी बीडीओ को दिए हैं।

जिले के सभी 60 क्लस्टरों में उन क्लस्टरों के खाते सीज कराए गए हैं, जहां पदाधिकारी दो साल से अधिक समय से कार्य कर रहे हैं। बदलाव की प्रक्रिया के लिए भी सभी बीडीओ को पत्र जारी किया गया है। वित्तीय अनियमितता के मामले में बेलरायां क्लस्टर के पदाधिकारियों को दूसरी नोटिस भी जारी हो चुकी है, लेकिन अभी तक कोई जवाब नहीं आया है। इस प्रकरण में ऐसी कार्रवाई होगी, जो प्रदेश के अन्य जिलों के लिए भी नजीर बनेगी। -जितेंद्र कुमार मिश्र, डीसी एनआरएलएम।

संबंधित समाचार