Rampur News : खेत बचाने का जुगाड़ पड़ा भारी, धमाके से रामपुर के स्वार में किसान की मौत
जंगली जानवरों से फसल बचाने के लिए घर में बना रहे थे विस्फोटक सामग्री, तेज धमाके में गई 65 वर्षीय बालक राम की जान
रामपुर के स्वार में खेतों को जंगली जानवरों से बचाने के लिए विस्फोटक सामग्री तैयार करते समय धमाका हो गया। हादसे में 65 वर्षीय किसान बालक राम की मौत हो गई।
स्वार, अमृत विचार। कोतवाली क्षेत्र के गांव मडयान भज्जान में खेतों को जंगली जानवरों से बचाने की कोशिश एक बुजुर्ग किसान की जान पर भारी पड़ गई। रविवार की रात घर के कमरे में विस्फोटक सामग्री तैयार करते समय हुए तेज धमाके में 65 वर्षीय किसान की मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में दहशत फैल गई। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है।
गांव मडयान भज्जान निवासी बालक राम रविवार देर रात अपने घर के एक कमरे में खेतों में आने वाले जंगली जानवरों को भगाने के उद्देश्य से विस्फोटक सामग्री तैयार कर रहा था। इसी दौरान अचानक जोरदार धमाका हो गया। विस्फोट इतना भीषण था कि उनका दांए हाथ के बुरी तरह परखच्चे उड़ गए। अत्यधिक रक्तस्राव के कारण मौके पर ही मौत हो गई। धमाके की आवाज सुनकर परिजन और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। सूचना मिलते ही सीओ समेत कोतवाल मौके पर पहुंच गए। बाद में फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए।
मृतक बालक राम अपने पीछे भरा पुरा परिवार छोड़ गया है। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मचा है। सोमवार मृतक के शव का अंतिम संस्कार कर दिया। कोतवाल अनुपम शर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में खेतों से जंगली जानवरों को भगाने के उद्देश्य से विस्फोटक सामग्री तैयार किए जाने की बात सामने आई है। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि फोरेंसिक रिपोर्ट मिलने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। मृतक बालक राम अपने पीछे दो बेटे, तीन विवाहित बेटियां और भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।
