कैंसर से जूझ रहे इंटर कॉलेज के बाबू ने गोली मारकर की आत्महत्या
खुदकुशी से पहले बड़े भाइयों को व्हाट्सएप पर भेजा था मैसेज
कार्यालय संवाददाता, लखनऊ, अमृत विचार: इटौंजा नगर पंचायत स्थित अशोक रोड निवासी एक कॉलेज के बाबू अनुराग पांडेय ने कैंसर की बीमारी से तंग आकर मंगलवार को खुद को गोली मारकर जान आत्महत्या कर ली। गोली की आवाज सुनकर परिजन दौड़े। कमरे में पहुंचे तो अनुराग लहूलुहान हालत में पड़े थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल पर छानबीन की। पुलिस ने घटनास्थल से 315 बोर का तमंचा बरामद किया है।
नगर पंचायत निवासी अनुराग पांडेय (47) इटौंजा स्थित राष्ट्रपिता स्मारक इंटर कॉलेज में बाबू पद पर थे। वे करीब दो साल से कैंसर की बीमारी से जूझ रहे थे। परिवार में पत्नी शिखा व दो बेटे शाश्वत औ अथर्व हैं। परिजन ने बताया कि अनुराग का इलाज चल रहा था, लेकिन बीमारी और दर्द से वह मानसिक रूप से काफी परेशान रहने लगे थे। रोजाना की तरह मंगलवार सुबह दोनों बच्चे स्कूल चले गए थे। पत्नी नीचे रसोई में नाश्ता बना रही थी। इस बीच अनुराग ऊपर अपने कमरे में चले गए और वहां तमंचे से खुद को गोली मार ली। गोली चलने की तेज आवाज सुनकर पत्नी दौड़कर ऊपर पहुंची तो अनुराग खून से लथपथ जमीन पर पड़े थे। यह देखकर वह चीख पड़ी। शोर सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। डॉयल-112 पर सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।
इटौंजा इंस्पेक्टर सोबरन सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला बीमारी से परेशान होकर आत्महत्या का लग रहा है। छानबीन में पता चला कि खुदकुशी से पहले अनुराग ने अपने बड़े भाइयों राजीव व अभिषेक को व्हाट्सएप मैसेज भेजा था, जिसमें लिखा था कि वह अब जीना नहीं चाहता है।
