Hardoi News: भ्रामक पोस्ट पर बिलग्राम पुलिस का एक्शन, राजस्थान की घटना को हरदोई बताने वाले यूजर पर मुकदमा दर्ज
बिलग्राम (हरदोई), अमृत विचार। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर कथित रूप से भ्रामक और भड़काऊ पोस्ट साझा करने के मामले में बिलग्राम पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए एक यूजर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का आरोप है कि राजस्थान की एक घटना को हरदोई का बताकर सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया, जिससे क्षेत्र में भ्रम और सामाजिक वैमनस्य फैलने की आशंका उत्पन्न हो गई।
पुलिस के अनुसार, उपनिरीक्षक दीप नारायण पाण्डेय ने तहरीर देकर बताया कि क्षेत्र भ्रमण के दौरान जानकारी मिली कि @Rudhrayadav001 नामक एक्स यूजर ने 5 जुलाई को एक पोस्ट साझा की, जिसमें 13 वर्षीय नाबालिग से 32 लोगों द्वारा दुष्कर्म की घटना को हरदोई का बताया गया। जांच में यह दावा असत्य पाया गया और संबंधित घटना राजस्थान की निकली।
पुलिस का कहना है कि पोस्ट में किए गए दावे का थाना बिलग्राम में दर्ज अपराध संख्या 278/2026 या जिले के किसी अन्य मामले से कोई संबंध नहीं है। आरोप है कि इस तरह की भ्रामक जानकारी जानबूझकर साझा कर जातीय और क्षेत्रीय वैमनस्य फैलाने का प्रयास किया गया।
मामले में संबंधित एक्स यूजर के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी भी अपुष्ट, भ्रामक या भड़काऊ जानकारी को बिना सत्यापन के साझा न करें और अफवाहों से बचें।
