पति संग मिल प्रेमी को पीटकर मार डाला, गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Published By Indrabhushan Dubey
On

हत्या में किशोर भी शामिल, भेजा गया बाल सुधार गृह

कार्यालय संवाददाता, लखनऊ, अमृत विचार: सआदतगंज के चिक मंडी निवासी मो. सैफ (18) की 15 जून को पीटकर हत्या कर दी गई। घटना को उसकी प्रेमिका ने पति व करीबी किशोर के साथ मिलकर बाराबंकी में अंजाम दिया। अधमरा करने के बाद आरोपियों ने सैफ को हिंद मेडिकल कॉलेज के सामने फेंक दिया। इसके बाद फरार हो गये। पिता ने 17 जून को सआदतगंज थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस ने जांच शुरू की तो एक माह बाद हत्याकांड का खुलासा हुआ। पुलिस ने दंपति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। वहीं, किशोर को बाल सुधार गृह भेजा गया है।

इंस्पेक्टर सआदतगंज संतोष आर्या के मुताबिक, हत्यारोपी मुस्कान उर्फ सैय्यद आफरीन एक बार में नाचने-गाने का काम करती थी। उसकी शादी सुमित उर्फ गोलू से हुई थी और दोनों सआदतगंज इलाके में रहते थे। इसी दौरान मुस्कान की दोस्ती मो. सैफ से हुई। दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गए। जब सुमित को पत्नी और सैफ के रिश्ते की जानकारी हुई तो उसने मुस्कान से तलाक लेने की बात कही। इस पर मुस्कान ने सैफ को अपने जीवन से अलग न करने, बल्कि उसे रास्ते से हटाने की बात कहीं। इसके बाद सुमित ने ही सैफ को ठिकाने लगाने की साजिश रच डाली।

योजना के तहत एक किशोर को सैफ के करीब किया गया। किशोर ने उससे दोस्ती बढ़ाई और 15 जून को घूमने के बहाने बाइक से बाराबंकी ले गया। वहां पहले से मौजूद सुमित और मुस्कान ने सैफ की पिटाई की। पिटाई से सैफ अधमरा हो गया। इसके बाद तीनों उसे हिंद मेडिकल कॉलेज के सामने छोड़कर भाग निकले। कुछ देर बाद राहगीरों ने युवक को सड़क किनारे पड़ा देखा और पुलिस को सूचना दी। बाराबंकी पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पहचान संबंधी कोई दस्तावेज नहीं मिलने से शव की शिनाख्त नहीं हो सकी। कई दिन तक इंतजार के बाद पुलिस ने लावारिस में अंतिम संस्कार करा दिया।

उधर, लखनऊ में पिता आसिफ ने 17 जून को बेटे की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। सआदतगंज पुलिस और पश्चिमी सर्विलांस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की तो पूरी साजिश का खुलासा हुआ। इसके बाद हत्या, साक्ष्य छिपाने समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर सोमवार को मुस्कान और उसके पति सुमित को गिरफ्तार कर लिया गया। जबकि एक 17 वर्षीय किशोर को संरक्षण में लिया गया है। इंस्पेक्टर के मुताबिक, दंपति के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

 

संबंधित समाचार