राम मंदिर चढ़ावा विवाद : BJP नेता दिनेश शर्मा बोले - दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई, कांग्रेस ने सरकार और ट्रस्ट पर उठाए सवाल

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

डिजिटल डेस्क। राम मंदिर चढ़ावा और दान राशि में कथित अनियमितता को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। एक ओर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया है, वहीं कांग्रेस ने मामले की निष्पक्ष जांच और जवाबदेही की मांग करते हुए सरकार व ट्रस्ट पर सवाल उठाए हैं।

भाजपा नेता दिनेश शर्मा ने कहा कि पार्टी का स्पष्ट मत है कि जो भी व्यक्ति भ्रष्टाचार या किसी भी प्रकार की अनियमितता में संलिप्त पाया जाएगा, उसके खिलाफ विशेष जांच दल (SIT) जांच करेगी। जांच के बाद दोषियों की गिरफ्तारी होगी और कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा, "राम मंदिर की पवित्रता और करोड़ों श्रद्धालुओं का विश्वास सर्वोपरि है। यदि किसी ने चढ़ावे में अनियमितता की है तो उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। लेकिन कुछ लोगों के कथित कृत्य के आधार पर पूरे मंदिर निर्माण और करोड़ों लोगों की आस्था को बदनाम करना राजनीतिक दृष्टि से उचित नहीं है।"

वहीं, सहारनपुर में कांग्रेस नेता इमरान मसूद ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यदि राम मंदिर चंदे में अनियमितता हुई है तो इसकी जिम्मेदारी से सरकार बच नहीं सकती। उन्होंने कहा, "आपकी नाक के नीचे लूट हो रही है। दूसरे का दर्द बताने से पहले अपनी जिम्मेदारी निभाइए। देश में जहां-जहां ट्रस्ट बने हैं वहां ऑडिट होता है, फिर यहां क्यों नहीं? इसकी जवाबदेही सरकार की भी है।"

प्रमोद तिवारी ने भाजपा और ट्रस्ट पर उठाया सवाल

इसी मुद्दे पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी ने भी भाजपा और ट्रस्ट को घेरते हुए कहा कि उनके मन में पहले से जो संदेह था, वह अब सही साबित होता दिखाई दे रहा है। उन्होंने चंपत राय के बयान पर सवाल उठाते हुए कहा कि जांच पूरी होने से पहले किसी को यह कैसे पता हो सकता है कि कौन दोषी है और कौन नहीं। उन्होंने कहा कि यदि कोई भी व्यक्ति दोषी पाया जाता है तो उसे कानून के अनुसार सख्त सजा मिलनी चाहिए। राम मंदिर चढ़ावा विवाद को लेकर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप लगातार तेज हो रहे हैं। जहां भाजपा इसे दोषियों तक सीमित रखने की बात कर रही है, वहीं कांग्रेस पूरे मामले की पारदर्शी जांच और जवाबदेही की मांग कर रही है।

संबंधित समाचार