Etah News : एटा में तेज रफ्तार रोडवेज बस ने देवरानी-जेठानी को कुचला, दोनों की मौत; अज्ञात चालक की तलाश
यूपी के एटा जिले के अलीगंज थाना क्षेत्र में बुधवार तड़के हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार की दो महिलाओं की मौत हो गई। शौच से घर लौट रही देवरानी-जेठानी को तेज रफ्तार अज्ञात रोडवेज बस ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
डिजिटल डेस्क। यूपी के एटा जिले के अलीगंज थाना क्षेत्र में बुधवार तड़के हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार की दो महिलाओं की मौत हो गई। शौच से घर लौट रही देवरानी-जेठानी को तेज रफ्तार अज्ञात रोडवेज बस ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, अलीगंज थाना क्षेत्र के गांव कैल्ठा के पास बुधवार सुबह कमला देवी (50) और मालती देवी शौच से वापस घर लौट रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात रोडवेज बस ने दोनों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि कमला देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल मालती देवी को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी भी मौत हो गई।
एक ही परिवार की दो महिलाओं की मौत से गांव में पसरा मातम
हादसे की सूचना मिलते ही अलीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। एक ही परिवार की दो महिलाओं की मौत से गांव कैल्ठा में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
पुलिस अज्ञात रोडवेज बस की पहचान करने और चालक का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों तथा अन्य साक्ष्यों की मदद से जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
