आ गया UP T20 League का नया सीजन, फॉल्कंस की जर्सी के लिए इकाना में 255 खिलाड़ियों ने दिखाया दम

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

-यूपी टी-20 लीग के चौथे सीजन के लिए लखनऊ फॉल्कंस की टीम चयन प्रक्रिया शुरू, तीन दिन में करीब 1000 खिलाड़ियों के पहुंचने की उम्मीद

लखनऊ, अमृत विचार: उत्तर प्रदेश टी-20 लीग के चौथे संस्करण में लखनऊ फॉल्कंस का हिस्सा बनने की चाह लिए प्रदेशभर के युवा क्रिकेटरों ने बुधवार को अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम के बी-ग्राउंड पर शुरू हुए चयन ट्रायल में अपना दमखम दिखाया। तीन दिवसीय ट्रायल के पहले दिन ही 255 खिलाड़ियों ने बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, जबकि अगले तीन दिनों में करीब एक हजार खिलाड़ियों के चयन प्रक्रिया में शामिल होने की संभावना है।

टीम प्रबंधन के अनुसार इस मैराथन ट्रायल के जरिए करीब 70 संभावित खिलाड़ियों को शॉर्टलिस्ट किया जाएगा। इसके बाद इन खिलाड़ियों को अलग-अलग टीमों में बांटकर सात जुलाई से अभ्यास मैच कराए जाएंगे। इन मुकाबलों के दौरान लखनऊ फॉल्कंस के आइकन खिलाड़ी और पूर्व अंतरराष्ट्रीय तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार के साथ पूरा टीम स्टाफ खिलाड़ियों के मैच टेंपरामेंट, तकनीक, फिटनेस और दबाव में प्रदर्शन करने की क्षमता का बारीकी से आकलन करेगा।

यूपी टी-20 लीग के आगामी सीजन के लिए लखनऊ फॉल्कंस की 25 सदस्यीय टीम बनाई जानी है। इनमें 18 खिलाड़ियों का चयन पहले ही हो चुका है, जबकि शेष सात स्थानों को भरने के लिए यह चयन ट्रायल आयोजित किए जा रहे हैं। चयनकर्ताओं की नजर विशेष रूप से ऐसे खिलाड़ियों पर है जो चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी संयम और तकनीकी दक्षता के साथ प्रदर्शन कर सकें।

पिछले कुछ वर्षों में यूपी टी-20 लीग प्रदेश के युवा क्रिकेटरों के लिए प्रतिभा निखारने और बड़े मंच तक पहुंचने का महत्वपूर्ण माध्यम बनकर उभरी है। यही वजह रही कि ट्रायल के पहले दिन मैदान पर हर खिलाड़ी ने खुद को साबित करने के लिए पूरी ताकत झोंक दी। यूपी टी-20 लीग का चौथा संस्करण 14 अगस्त से 6 सितंबर तक कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में खेला जाएगा, जहां लखनऊ फॉल्कंस खिताब जीतने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरेगी।

ये भी पढ़ें  : 
पीलीभीत के यूनुस शाह का एशियाई खेलों में चयन, बोले- 'भारतीय जर्सी पहनना गर्व की बात'

संबंधित समाचार