Mirzapur News : विंध्याचल धाम में मुख्यमंत्री योगी ने की पूजा-अर्चना, विकास कार्यों की समीक्षा कर दिए ये निर्देश

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

मिर्जापुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को विंध्याचल धाम पहुंचकर विंध्य क्षेत्र की अधिष्ठात्री देवी मां विंध्यवासिनी देवी के दर्शन किए और विधिवत पूजन-अर्चन किया। मुख्यमंत्री के रूप में मां विंध्यवासिनी धाम में यह उनकी 20वीं यात्रा थी, जिसके मद्देनजर पूरे क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।

वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना

मुख्यमंत्री के विंध्याचल हेलीपैड पर पहुंचने पर स्थानीय अधिकारियों, मंत्री आशीष पटेल और भाजपा कार्यकर्ताओं ने बुके देकर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद सीएम योगी सीधे मंदिर पहुंचे और मां विंध्यवासिनी देवी के गर्भगृह में शीश नवाया। सारे धार्मिक अनुष्ठान स्थानीय भाजपा विधायक एवं पुरोहित रत्नाकर मिश्र और उनकी टीम के आचार्यों द्वारा वैदिक मंत्रों के साथ संपन्न कराए गए। मुख्यमंत्री के आगमन से पहले ही पूजन सामग्री आदि की सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई थीं। दर्शन-पूजन के बाद मुख्यमंत्री ने विंध्य कॉरिडोर में नवनिर्मित 'शेफ हाउस' का भी औपचारिक शुभारंभ किया।

विकास कार्यों की समीक्षा

धार्मिक अनुष्ठानों को पूरा करने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सीधे अष्टभुजा डाक बंगले पहुंचे। वहां उन्होंने लोक निर्माण विभाग (PWD) के पुराने व जारी कार्यों की प्रगति की गहन समीक्षा बैठक की।

अधिकारियों को 15 जुलाई तक का अल्टीमेटम

मुख्यमंत्री ने बैठक में मौजूद अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए विकास कार्यों से जुड़े नए प्रस्ताव भेजने के लिए 15 जुलाई तक की समयसीमा तय की है।बैठक के दौरान स्थानीय विधायक की ओर से हलिया के मतवार जंगल विभाग द्वारा एनओसी (NOC) मिलने से सालों से लंबित पड़ी सड़क के निर्माण की मांग प्रमुखता से मुख्यमंत्री के सामने रखी गई।

बैठक में जनप्रतिनिधि और आला अधिकारी रहे मौजूद

इस उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में विंध्याचल मंडल के सभी आला अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। बैठक में स्थानीय कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल, राज्य मंत्री संजीव गोड़, विधायक रमाशंकर सिंह पटेल, सुचिश्मिता मौर्या, भूपेश चौबे, अनिल मौर्य और विपुल दुबे सहित कई नेता मौजूद रहे। प्रशासनिक अमले से मंडलायुक्त राजेश कुमार, जिलाधिकारी पवन गंगवार, उपपुलिस महानिरीक्षक पूनम और पुलिस अधीक्षक अर्पणा कौशिक सहित सभी वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

ये भी पढ़ें : 
राम मंदिर चढ़ावा चोरी विवाद : SIT रिमांड पर अनुकल्प, लवकुश और करुणेश, पूछताछ में खुलेंगे राज

संबंधित समाचार