Bareilly News : शहर में बिजली संकट गहराया, उपभोक्ता होते रहे परेशान
महानगर, सुभाषनगर, सिविल लाइंस, राजेंद्र नगर समेत कई इलाकों से आईं शिकायतें
बरेली, अमृत विचार। शहर में मंगलवार को बिजली व्यवस्था कई स्थानों पर लड़खड़ाती नजर आई। अलग-अलग बिजलीघरों से जुड़े इलाकों में एक फेज गायब होने, पोल से आपूर्ति बाधित होने, हाई वोल्टेज और फेज परिवर्तन जैसी समस्याओं को लेकर बड़ी संख्या में शिकायतें दर्ज कराई गईं। उपभोक्ताओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
मंगलवार को बिजली निगम की हेल्प डेस्क पर शहर के विभिन्न इलाकों से बिजली आपूर्ति बाधित होने की शिकायतें लगातार आती रहीं। महानगर क्षेत्र के बजरंग ढाबा, रामायण आवास निवासी आरपी सिंह ने हाई वोल्टेज की शिकायत दर्ज कराई। हरूनगला के काली मंदिर क्षेत्र से पोल फॉल्ट की सूचना मिली, जबकि सुभाषनगर क्षेत्र में 24 घंटा मंदिर बदायूं रोड पर फेज परिवर्तन कराने और गन्ना मिल वाली गली में पोल से बिजली आपूर्ति खराब होने की शिकायत दर्ज हुई। चड्ढा होटल वाली गली और पवन विहार क्षेत्रमें भी एक फेज बंद रहने से उपभोक्ता परेशान रहे। सदर कैंट, सिविल लाइंस-1 और सिविल लाइंस-3 क्षेत्रों से फॉल्ट और पूरे इलाके में एक फेज बंद होने की शिकायतें दर्ज कराई गईं। सर्किट हाउस के पास आईसीआईसीआई बैंक शाखा और स्टेशन रोड सिविल लाइंस क्षेत्र के उपभोक्ताओं ने भी बिजली आपूर्ति प्रभावित होने की सूचना दी। राजेंद्र नगर के एकता नगर में कई उपभोक्ताओं ने एक फेज बंद होने की शिकायत दर्ज कराई। इसी प्रकार कोहाड़ापीर क्षेत्र के भूर और नैनीताल रोड स्थित मुनीम पैलेस इलाके से भी एक फेज की आपूर्ति बाधित होने की सूचना बिजली निगम को दी गई।
बानखाना में बंच केबल में लगी आग, बिजली आपूर्ति बाधित
बानखाना क्षेत्र में मंगलवार को खंभे पर लगी बंच केबल में आग लग गई। जानकारी मिलने पर बिजली कर्मचारी पहुंचे और संबंधित फीडर की आपूर्ति तत्काल बंद करा दी। इसके बाद कर्मचारियों ने क्षतिग्रस्त बंच केबल को हटाकर नई केबल लगाने का काम शुरू किया। आग लगने के कारण कुछ समय तक आसपास के इलाके की बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। आशंका जताई जा रही है केबल में तकनीकी खराबी या ओवरलोड के कारण आग लगी होगी। केबल बदलने के बाद क्षेत्र की बिजली आपूर्ति सामान्य कर दी गई।
सुरेश शर्मा क्षेत्र में तीन घंटे नहीं आई बिजली
हरूनगला बिजली घर से जुड़े सुरेश शर्मा नगर क्षेत्र में मंगलवार को करीब तीन घंटे बिजली नहीं आई। सुबह आठ बजे बारिश शुरू होते ही बिजली गुल हो गई। कुछ देर बाद बारिश रुक गई इसके बाद भी करीब तीन घंटे तक बिजली आपूर्ति सामान्य नहीं हो सकी। इस दौरान लाइन पांच-छह बार ट्रिप हुई। अंततः करीब 11 बजे बिजली आपूर्ति बहाल हुई।
