Changing Weather : मौसम के बदलते मिजाज से लोग हो रहे बीमार; ओपीडी में उमड़ी मरीजों की भीड़
-बारिश, उमस और तेज धूप के बदलते मिजाज ने बढ़ाई परेशानी, चिकित्सक इलाज के साथ बचाव को लेकर कर रहें जागरूक
लखनऊ, अमृत विचार : कभी बारिश, कभी उमस और कभी तेज धूप... मौसम के लगातार बदलते मिजाज ने लोगों की सेहत पर असर डालना शुरू कर दिया है। शहर में इन दिनों वायरल फीवर के मरीज तेजी से बढ़ रहे हैं, जबकि बच्चों में डायरिया, उल्टी और दस्त की शिकायतें भी बढ़ी हैं। इसका असर सरकारी अस्पतालों की ओपीडी पर साफ दिखाई दे रहा है, जहां रोज बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए पहुंच रहे हैं।
बलरामपुर अस्पताल के फिजिशियन डॉ. विष्णु कुमार ने बताया कि मौसम में लगातार हो रहे उतार-चढ़ाव के कारण वायरल संक्रमण तेजी से फैल रहा है। वायरल फीवर आमतौर पर एक सप्ताह तक मरीज को परेशान करता है। इसके प्रमुख लक्षणों में तेज बुखार, शरीर और जोड़ों में दर्द, गले में खराश, सिरदर्द, खांसी, कमजोरी, मांसपेशियों में दर्द और त्वचा पर हल्के धब्बे शामिल हैं। उन्होंने विशेष रूप से बच्चों और बुजुर्गों का अतिरिक्त ध्यान रखने की सलाह दी।
सिविल अस्पताल के निदेशक डॉ. जीपी गुप्ता ने बताया कि पिछले कुछ दिनों में वायरल बुखार के साथ-साथ त्वचा रोग के मरीजों की संख्या भी बढ़ी है। अस्पताल के चिकित्सकों को मरीजों के त्वरित उपचार के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि वायरल बुखार को सामान्य बुखार समझकर नजरअंदाज करना खतरनाक हो सकता है। समय पर डॉक्टर से परामर्श लेकर ही दवा लेनी चाहिए।
चिकित्सकों के अनुसार वायरल संक्रमण संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने, हाथ मिलाने, छींकने या खांसने के दौरान भी फैल सकता है। ऐसे में बुखार या संक्रमण के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लेना जरूरी है। लोकबंधु, बीआरडी महानगर, ठाकुरगंज अस्पताल समेत अन्य सरकारी अस्पतालों के अलावा केजीएमयू और लोहिया संस्थान की ओपीडी में भी वायरल और पेट संबंधी बीमारियों के मरीजों की संख्या बढ़ी है। डॉक्टर इलाज के साथ लोगों को साफ-सफाई, पर्याप्त पानी पीने, संतुलित आहार लेने और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सावधानी बरतने की सलाह दे रहे हैं।
