Rampur News : आयुष्मान कार्ड की धीमी प्रगति पर डीएम सख्त, लापरवाह अधिकारियों पर कार्रवाई
एडीओ पंचायत चमरौआ का 15 दिन का वेतन काटने, कईं एमओआईसी पर कार्रवाई के निर्देश
रामपुर, अमृत विचार। जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने वर्चुअल बैठक के माध्यम से जिले में आयुष्मान गोल्डन कार्ड बनने की प्रगति की गहन समीक्षा की। समीक्षा के दौरान अपेक्षित प्रगति न मिलने पर उन्होंने गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए एडीओ पंचायत चमरौआ का 15 दिन का वेतन काटने, एमओआईसी बिलासपुर पर आरोप पत्र जारी करने व सैदनगर का सात दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। समीक्षा के दौरान पूर्व में आयोजित बैठकों में कई बार अधिकारियों को कार्य में सुधार लाने के निर्देश दिए जा चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद कई विकास खंडों एवं विभागों की प्रगति अत्यंत खराब पाई गई। संबंधित शहरी नोडल अधिकारी को भी कारण बताओ नोटिस जारी करने, एमओआईसी शाहबाद को जिलाधिकारी कार्यालय से सम्बद्ध करने के निर्देश भी दिए हैं। पंचायतीराज विभाग की समीक्षा के दौरान खराब प्रगति पर एडीओ पंचायत चमरौआ का 15 दिन का वेतन काटने एवं कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। आईसीडीएस विभाग की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने सीडीपीओ बिलासपुर एवं सीडीपीओ चमरौआ का प्रभार वापस लेकर किसी अन्य अधिकारी को सौंपने तथा सीडीपीओ सैदनगर को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं। पूर्ति विभाग की समीक्षा में चमरौआ एवं सैदनगर ब्लॉकों का प्रभार संभाल रहे अधिकारियों की प्रगति भी असंतोषजनक पाए जाने पर उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने आयुष्मान गोल्डन कार्ड को अभियान चलाकर सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ बनवाने के निर्देश दिए। कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए पात्र लाभार्थियों के शत-प्रतिशत आयुष्मान गोल्डन कार्ड बनवाएं। भविष्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
