UP Weather Update : बरेली-सहारनपुर में झमाझम बारिश, लखनऊ में छाए बादल, मौसम विभाग का सभी 75 जिलों में अलर्ट
पश्चिमी और पूर्वी यूपी, दोनों क्षेत्रों में जोरदार बारिश के आसार हैं। आठ जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। सहारनपुर, प्रयागराज, चंदौली, बरेली समेत अन्य जनपदों में रात से सुबह तक बारिश देखने को मिली।
अमृत विचार : उत्तर प्रदेश में उमस भरी गर्मी से बड़ी राहत मिलने वाली है। मानसून के रफ्तार पकड़ते ही प्रदेश के अधिकांश हिस्से में बादल छा गए। बरेली, सहारनपुर, प्रयागराज, चंदौली समेत कई अन्य जिलों में में झमाझम बारिश देखने को मिली। मौसम विभाग ने मंगलवार के लिए सभी 75 जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है। आठ जिलों में भारी बारिश की संभावना है। बाकी हिस्से में भी बारिश होने के ज्यादा आसार हैं।
राजधानी लखनऊ में मंगलवार को हल्की बूंदाबांदी हुई। रात से ही उमड़ते बादल सुबह तक छाए रहे। उमस भरी गर्मी से बेहाल आमजन को काफी राहत मिली। हालांकि लखनऊ में मानसून की एक जोरदार बारिश का इंतजार हो रहा है।
7 जुलाई की सुबह चंदौली, वाराणसी, सहारनपुर में खूब बारिश हुई है। मौसम विभाग ने मंगलवार-7 जुलाई को प्रदेश के अधिकांश हिस्से में बारिश की संभावना जताई है। ्र
30 जून को मानसून की दस्तक
यूपी में मानसून ने 30 जून को दस्तक दी थी। जोरदार बारिश के साथ मानसून का आगाज हुआ। तराई के जिले पहली बारिश से तर हो गए। दो दिन तक बारिश का दौर चला, उसके बाद ठिठक गया।
उमस भरी गर्मी बेहाल करने लगी। मानसून के रूठने से किसान भी परेशान होने लगे। मौसम विभाग ने सात जुलाई से मानसून के सक्रिय होने की उम्मीद जताई थी। इसी क्रम में मंगलवार को प्रदेशभर का मौसम सुहाना हो गया। रात तक कई जगहों पर बारिश होने के आसार हैं।
वाराणसी स्टेशन पर टपकने लगी छत
वाराणसी में जोरदार बारिश ने मौसम खुशनुमा कर दिया। हालांकि यहां बारिश के दौरान रेलवे स्टेशन की छत से पानी टपकने लगा। यात्रियों ने इसका वीडियो बनाकर शेयर किया है। काशी के रेलने स्टेशन की इस हालात को देखकर लोग आलोचना भी कर रहे हैं।
