Kanpur Waterlogging: महापौर प्रमिला पांडेय का बड़ा आरोप, 'समय रहते कार्रवाई होती तो शहर में नहीं होता इतना जलभराव'
वीआईपी रोड और सीसामऊ नाले का निरीक्षण कर अधिकारियों की कार्यशैली पर उठाए सवाल, अवैध कब्जे हटाने और लापरवाह अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग
कानपुर, अमृत विचार। बारिश के बाद शहर में हुए जलभराव को लेकर महापौर प्रमिला पांडेय ने प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि यदि बारिश से पहले जिला प्रशासन और संबंधित विभागों ने समय रहते आवश्यक कार्रवाई की होती, तो शहर में जलभराव की स्थिति इतनी गंभीर नहीं बनती। उन्होंने कहा कि नालों पर अवैध कब्जे हटाने, समय पर सफाई कराने और जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने में लापरवाही के कारण लोगों को परेशानी उठानी पड़ी।
सोमवार को महापौर प्रमिला पांडेय ने नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय और पार्षदों के साथ वीआईपी रोड स्थित सीसामऊ नाला, सीसामऊ नाले पर हाल ही में बनी दीवार के गिरने वाले स्थान तथा बकरमंडी क्षेत्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्हें कई स्थानों पर नाले की सफाई और रखरखाव में कमियां दिखाई दीं।
निरीक्षण के दौरान टैफ्को क्षेत्र में नाले पर अवैध कब्जे मिलने पर महापौर ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि इन अतिक्रमणों के कारण जल निकासी प्रभावित हो रही है, जिससे बारिश के दौरान शहर के कई हिस्सों में जलभराव की समस्या बढ़ गई।
महापौर ने प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि जिम्मेदार अधिकारियों ने संबंधित विभागों के खिलाफ समय रहते सख्ती दिखाई होती, तो बारिश का पानी निकालने के लिए गेट देर से नहीं खोले जाते। उन्होंने कहा कि भविष्य में दोबारा ऐसी स्थिति न बने, इसके लिए सभी कमियों को समय रहते दूर किया जाना चाहिए।
उन्होंने सीसामऊ नाले पर बनी नई दीवार गिरने की घटना की जांच कराने, संबंधित निविदादाता के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने तथा दीवार का दोबारा निर्माण कराने की बात भी कही। साथ ही स्पष्ट किया कि नालों और सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान जलकल महाप्रबंधक आनंद कुमार त्रिपाठी, पार्षद अभिनव शुक्ला, सौरभ देव, मनीष मिश्रा, आकर्ष बाजपेयी, मोहम्मद उमर, पूर्व पार्षद गुंजन मिश्रा, जोन-4 के जोनल अधिकारी राजेश सिंह, अधिशासी अभियंता मीनाक्षी अग्रवाल, जेडएसओ-4 मोहम्मद फहीम सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री को पत्र लिखने की तैयारी
महापौर प्रमिला पांडेय ने कहा कि बारिश के मौसम में नालों और नालियों की समय पर सफाई न होने तथा जलभराव की स्थिति से जुड़े मामलों में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जाएगी। इसके लिए मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर शहर की समस्याओं के प्रति उदासीन अधिकारियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की जाएगी, ताकि भविष्य में नागरिकों को जलभराव और गंदे पानी की समस्या का सामना न करना पड़े।
