राम मंदिर चढ़ावा विवाद : कपिल सिब्बल के बयान पर मंत्री संजय निषाद का पलटवार, बोले- जांच पर भरोसा रखें

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

सिब्बल बोले- 'राम के नाम पर वोट लेकर राम को ही लूटा', संजय निषाद ने कहा- जांच पर विश्वास करें, दोषियों को सजा मिलेगी

मंत्री संजय निषाद ने कहा कि कपिल सिब्बल वरिष्ठ अधिवक्ता हैं और संवैधानिक पद पर हैं, इसलिए उन्हें ऐसा बयान नहीं देना चाहिए। उन्होंने कहा कि पहले भी भ्रष्टाचार के मामले होते थे, लेकिन उन्हें संरक्षण मिल जाता था।

अमृत विचार डेस्क, लखनऊ। राम मंदिर चढ़ावा में कथित हेराफेरी के मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी लगातार तेज होती जा रही है। राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल के भाजपा, विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल पर लगाए गए आरोपों के बाद उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री संजय निषाद ने पलटवार करते हुए जांच प्रक्रिया पर भरोसा रखने की अपील की है।

प्रयागराज में मीडिया से बातचीत के दौरान मंत्री संजय निषाद ने कहा कि कपिल सिब्बल वरिष्ठ अधिवक्ता हैं और संवैधानिक पद पर हैं, इसलिए उन्हें ऐसा बयान नहीं देना चाहिए। उन्होंने कहा कि पहले भी भ्रष्टाचार के मामले होते थे, लेकिन उन्हें संरक्षण मिल जाता था। वर्तमान सरकार में मामले सामने भी आ रहे हैं और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई भी हो रही है।

संजय निषाद ने कहा कि लोगों को एसआईटी जांच पर विश्वास रखना चाहिए और भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई में सहयोग करना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि यदि मंदिर में ऐसी घटना हुई है तो अन्य धार्मिक संस्थानों और ट्रस्टों की भी निगरानी होनी चाहिए, ताकि पारदर्शिता बनी रहे।

कपिल सिब्बल ने दिया था यह बयान

इससे पहले राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए भाजपा, विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल पर तीखा हमला बोला था। उन्होंने लिखा, "राम के नाम पे वोट तो लेंगे, फिर राम को ही वो लूटेंगे।" इसके साथ ही उन्होंने लिखा, "असली हिंदू ये क्या जानें, ये तो फर्जी हिंदू हैं।" अपने पोस्ट में उन्होंने इन संगठनों पर भगवान राम के नाम पर राजनीति करने और लोगों की आस्था के साथ विश्वासघात करने का आरोप लगाया।

राम मंदिर चढ़ावा में कथित हेराफेरी के मामले को लेकर विपक्ष लगातार सरकार और ट्रस्ट की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहा है, जबकि सत्तापक्ष का कहना है कि एसआईटी निष्पक्ष जांच कर रही है और जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

'जेल भी जा सकते हैं चंपत राय... मैं पीएम मोदी के संपर्क में हूं'; राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर विनय कटियार का बड़ा बयान

संबंधित समाचार