मथुरा में मुड़िया पूर्णिमा मेला 2026 : 23 से 30 जुलाई तक जुटेंगे 1.5 करोड़ श्रद्धालु, प्रशासन ने शुरू की तैयारियां

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

मथुरा में गुरु पूर्णिमा के अवसर पर गोवर्धन में आयोजित होने वाले विश्व प्रसिद्ध मुड़िया पूर्णिमा मेले की तैयारियां जिला प्रशासन ने तेज कर दी हैं। इस वर्ष 23 से 30 जुलाई तक चलने वाले मेले में 1.5 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। श्रद्धालु इस दौरान गोवर्धन की 21 किलोमीटर लंबी सप्तकोसी परिक्रमा करेंगे।

मथुरा। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर गोवर्धन में आयोजित होने वाले विश्व प्रसिद्ध मुड़िया पूर्णिमा मेले की तैयारियां जिला प्रशासन ने तेज कर दी हैं। इस वर्ष 23 से 30 जुलाई तक चलने वाले मेले में 1.5 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। श्रद्धालु इस दौरान गोवर्धन की 21 किलोमीटर लंबी सप्तकोसी परिक्रमा करेंगे।

जिलाधिकारी चंद्रप्रकाश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने समीक्षा बैठक में सभी संबंधित विभागों को 15 जुलाई तक सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। प्रशासन का लक्ष्य इस बार मेले को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और प्लास्टिक मुक्त बनाना है।

करीब 500 वर्षों पुरानी परंपरा से जुड़े इस धार्मिक आयोजन का संबंध चैतन्य महाप्रभु के अनन्य शिष्य जीव गोस्वामी के गोलोक गमन से माना जाता है। गुरु पूर्णिमा पर उनके अनुयायी मुंडन कर संकीर्तन के साथ नगर परिक्रमा करते हैं। समय के साथ यह आयोजन देश-विदेश के श्रद्धालुओं को आकर्षित करने वाले विशाल धार्मिक मेले में बदल चुका है।

सुरक्षा और सुविधाओं के व्यापक इंतजाम

अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) डॉ. अमरेश कुमार ने बताया कि 21 किलोमीटर लंबे परिक्रमा मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा। मार्ग पर विशेष प्रकाश व्यवस्था, दीवारों पर आकर्षक चित्रकारी और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जाएंगी।

मेला क्षेत्र को 9 सुपर जोन, 21 जोन और 62 सेक्टरों में विभाजित किया जाएगा। सुरक्षा के लिए:
  • 6 स्थायी और 37 अस्थायी पुलिस चौकियां
  • 31 वॉच टावर
  • 150 बैरिकेड
  • 183 सीसीटीवी कैमरे
  • 350 पब्लिक एड्रेस सिस्टम
  • 1,281 एलईडी लाइटें लगाई जाएंगी।
स्वास्थ्य और यातायात पर विशेष फोकस

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को सभी स्वास्थ्य शिविरों में चिकित्सकों की तैनाती सुनिश्चित करने, पर्याप्त एंबुलेंस और मोटरसाइकिल एंबुलेंस उपलब्ध कराने तथा सरकारी और निजी अस्पतालों की मैपिंग कराने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा पुलिस को ट्रैफिक डायवर्जन योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने और पूरे मेला क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरों एवं सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली के प्रभावी संचालन के निर्देश भी दिए गए हैं।

संबंधित समाचार