Dehradun : हीरे का हार चुराकर रील बनाई, इंस्टाग्रम पर वायरल के बाद पकड़ी गई नौकरानी, मामला जान आप भी रह जाएंगे हैरान

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

एक साल पहले मालकिन के घर से चुराए थे लाखों के आभूषण

देहरादून, अमृत विचार: किसी स्त्री के लिए हीरे-सोने के आभूषण बहुत प्रिय होते हैं और उन्हीं गहनों से सज संवरकर उनकी फोटो या सेल्फी लेने का क्रेज भी कम नहीं है। लेकिन एक घरेलू नौकरानी के लिए अपनी मालकिन के घर से हीरे का हार और सोने के जेवर चोरी कर खासकर हीरे का हार पहनकर इंस्टाग्राम पर उसका प्रदर्शन करना मुसीबत बन गया। करीब एक साल बाद दुनिया जहान में घूम फिरकर वह फोटो मालकिन तक पहुंची तो देहरादून पुलिस ने भी खुलासा करने में देर नहीं की। आखिरकार आरोपी नौकरानी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी किए गए करीब दस लाख की कीमत के जेवरात बरामद कर लिए गए। 

यह था मामला

बीती एक जुलाई को आईटी पार्क निवासी नितिशा वत्स ने थाना राजपुर पर केस दर्ज कराया था कि, उनके घर के लॉकर में रखे हीरे-सोने के जेवरात गायब हो गए थे। करीब एक साल बाद किसी परिचित ने उन्हें बताया कि एक महिला ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर हीरे का हार के साथ अपनी फोटो लगाई है जो उनके खोए हीरे के हार से मिलता जुलता है। उन्होंने वह फोटो देखा तो वह उनकी पुरानी नौकरानी विमला का था और उसके गले में हीरे का हार उनके खोये हार से मिलता जुलता था।  

यह हुआ खुलासा

एसपी सिटी देहरादून प्रमोद कुमार ने शुक्रवार को प्रेस वार्ता में बताया कि, थाना राजपुर पुलिस की टीम ने संदिग्ध नौकरानी विमला (34) पत्नी रंजीत मूल निवासी गांव चकगामा, थाना पसगवा, जनपद लखीमपुर खीरी, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी बापू नगर, जाखन, देहरादून को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसकी निशानदेही पर घटना में चोरी किए गए हीरे का हार, सोने का लॉकेट, सोने की दो अंगूठी, सोने का पेंडल आदि बरामद कर लिए गए। 

लालच बुरी बला, ले डूबी

विमला ने पूछताछ में बताया कि, उसने काफी समय तक नितिशा के घर में बतौर नौकरानी काम किया था। घर की मालकिन नितिशा को अक्सर हीरे का हार और सोने के आभूषण पहनने और उनको लॉकर में रखते देखने पर उसके मन में उन गहनों को चोरी करने का लालच आ गया था और मौका पाकर उसने करीब एक साल पहले लॉकर से वह गहने चुरा लिए थे। लेकिन काफी महंगे होने के कारण वह इन आभूषणों को बेच नहीं पा रही थी। इस बीच वह पुलिस की गिरफ्त में आ गई। एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने घटना का अनावरण करने वाली थानाध्यक्ष राजपुर पीडी भट्ट की टीम को 2500 रुपए के नगद पुरस्कार से पुरस्कृत करने की घोषणा की है।

ये भी पढ़ें  : 
यूपी-बिहार के रेल यात्रियों के लिए बड़ी राहत, जुलाई-अगस्त में बढ़ाई गई इन स्पेशल ट्रेनों की अवधि

संबंधित समाचार