मथुरा में हुई झमाझम बारिश : आधा घंटे की बारिश में शहर बना तालाब, जगह-जगह हुआ जलभराव

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

मथुरा। मथुरा में शुक्रवार दोपहर हुई झमाझम बारिश ने उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत तो दिलाई, लेकिन शहर के कई इलाकों में जलभराव ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया। खासकर भूतेश्वर तिराहा और रेलवे पुल के नीचे पानी भर जाने से राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

दोपहर करीब एक बजे हल्की रिमझिम बारिश शुरू हुई, जिसके बाद तेज गरज के साथ करीब आधे घंटे तक मूसलाधार बारिश हुई। बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया और लंबे समय से उमस से परेशान लोगों ने राहत महसूस की।

सुबह से उमस ने किया था बेहाल

शुक्रवार सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए थे। तेज उमस के कारण लोग पसीने से परेशान थे और बारिश का इंतजार कर रहे थे। दोपहर में हुई तेज बारिश ने तापमान में गिरावट ला दी और मौसम खुशनुमा हो गया।

भूतेश्वर तिराहे पर सबसे ज्यादा जलभराव

बारिश के बाद शहर के कई हिस्सों में पानी भर गया, लेकिन सबसे अधिक परेशानी भूतेश्वर तिराहा पर देखने को मिली। रेलवे पुल के नीचे जलभराव इतना अधिक हो गया कि राहगीरों और वाहन चालकों का निकलना मुश्किल हो गया। कई दोपहिया और चारपहिया वाहन पानी में फंस गए, जिससे यातायात प्रभावित रहा।

दुकानों में घुसा बारिश का पानी

भारी बारिश के चलते श्री जी बाबा आश्रम परिसर में बनी कई दुकानों में भी पानी घुस गया। इससे दुकानदारों को नुकसान उठाना पड़ा और उन्हें सामान सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए मशक्कत करनी पड़ी।

चौथी रेलवे लाइन के निर्माण से बढ़ी परेशानी

भूतेश्वर पुल पर रेलवे की ओर से चौथी लाइन बिछाने का कार्य चल रहा है। निर्माण कार्य के कारण पहले से ही इस मार्ग पर यातायात प्रभावित रहता है। ऐसे में बारिश के बाद हुए जलभराव ने स्थिति को और गंभीर बना दिया। पुल के नीचे पानी भर जाने से कई वाहन चालक अपने वाहन निकालने में असमर्थ रहे और लंबे समय तक जाम जैसी स्थिति बनी रही।

संबंधित समाचार