गुजरात ATS की बड़ी कार्रवाई : जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े 8 संदिग्ध गिरफ्तार, आतंकी नेटवर्क बनाने की साजिश नाकाम

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

गुजरात एटीएस ने जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े 8 संदिग्धों को गुजरात और मध्य प्रदेश से गिरफ्तार किया। आरोपियों पर गुजरात में आतंकी नेटवर्क खड़ा करने की साजिश रचने का आरोप, यूएपीए और बीएनएस के तहत मामला दर्ज।

अहमदाबाद। गुजरात आतंकवाद निरोधक दस्ता (ATS) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से कथित संबंध रखने वाले आठ संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों को गुजरात के विभिन्न जिलों और मध्य प्रदेश से हिरासत में लिया गया। पुलिस का दावा है कि आरोपी राज्य में एक सक्रिय आतंकी नेटवर्क तैयार करने की साजिश में जुटे थे।

एटीएस के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, सभी आठ आरोपियों को गुरुवार को संयुक्त अभियान के दौरान गिरफ्तार किया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वे प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के लिए सक्रिय रूप से काम कर रहे थे और गुजरात में संगठन का नेटवर्क खड़ा करने की कोशिश कर रहे थे।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम, 1967 (UAPA) और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की गहन जांच जारी है और एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि आरोपियों के संपर्क किन-किन लोगों से थे तथा उनकी गतिविधियों का दायरा कितना व्यापक था।

जानिए क्या बोले एटीएस अधिकारी...

एटीएस अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान मिले साक्ष्यों और डिजिटल सामग्री का विश्लेषण किया जा रहा है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपियों को किसी विदेशी आतंकी नेटवर्क से किस प्रकार का सहयोग मिल रहा था और क्या इस मॉड्यूल से जुड़े अन्य लोग भी सक्रिय हैं। सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की हर पहलू से जांच कर रही हैं। फिलहाल किसी अन्य गिरफ्तारी या बरामदगी को लेकर विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है।

संबंधित समाचार