गोंडा के आयुष्मान आरोग्य मंदिर पर एक साल से लटका ताला, स्वास्थ्य सेवाएं ठप होने से ग्रामीणों का फूटा गुस्सा

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

सीएमओ कार्यालय पहुंचकर किया प्रदर्शन, जांच के निर्देश

गोंडा, अमृत विचार: परसपुर विकासखंड के खरगूपुर स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर भवन पर एक वर्ष से ताला लटक रहा है। लाखों रुपये की लागत से भवन निर्माण और दीवारों पर सरकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार के नारे लिखे जाने के बावजूद अब तक डॉक्टर व अन्य स्वास्थ्यकर्मियों की तैनाती नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने शुक्रवार को युवा सामाजिक कार्यकर्ता सूरज मिश्रा के नेतृत्व में सीएमओ कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया और ज्ञापन सौंपा।

ग्रामीणों का आरोप है कि भवन तैयार होने के बाद से ही मुख्य गेट पर ताला लटका हुआ है। कई बार शिकायत और प्रार्थना पत्र देने के बावजूद स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई, जिससे क्षेत्र की जनता को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। प्रदर्शन के दौरान सीएमओ के कार्यालय में मौजूद न रहने पर अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. वी.के. वर्मा ने ग्रामीणों की शिकायत को गंभीरता से सुना। 

उन्होंने डिप्टी सीएमओ डॉ. नीरज तथा आयुष्मान आरोग्य योजना के जिला प्रबंधक आर.पी. सिंह को मामले की तत्काल जांच कर आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। ज्ञापन देने वालों में अवध केशरी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष नील ठाकुर, युवा नेता सूरज मिश्रा, प्रिंस पंडित, धीरेन्द्र प्रताप मिश्रा, दिवाकर यादव, अंकित मिश्रा, छात्र नेता सौरभ मिश्रा, चन्द्रिका प्रसाद तिवारी उर्फ राजन तिवारी, अमित कुमार, विनोद सिंह, संदीप मिश्रा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। इस संबंध में परसपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. लवकेश शुक्ला ने बताया कि खरगूपुर आयुष्मान आरोग्य मंदिर पर डॉक्टर की तैनाती के लिए शासन को पत्र भेजा जा चुका है। तैनाती होते ही केंद्र का संचालन शुरू करा दिया जाएगा।

ये भी पढ़ें  : 
यूपी-बिहार के रेल यात्रियों के लिए बड़ी राहत, जुलाई-अगस्त में बढ़ाई गई इन स्पेशल ट्रेनों की अवधि

 

संबंधित समाचार