राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला : RSS का पहला बयान, दत्तात्रेय होसबाले बोले- दोषियों को मिले कठोर दंड, हिंदू समाज से धैर्य की अपील

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

दत्तात्रेय होसबाले ने कहा- करोड़ों रामभक्तों की भावनाओं को ठेस पहुंची

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले पर RSS का पहला आधिकारिक बयान आया है। सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई, ट्रस्ट से व्यवस्था सुधारने और हिंदू समाज से धैर्य व संयम बनाए रखने की अपील की।

अमृत विचार डेस्क/लखनऊ । राम मंदिर के दान पात्रों से चढ़ावे की कथित चोरी के मामले पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) ने पहली बार आधिकारिक प्रतिक्रिया दी है। संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने इस घटना को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि इससे करोड़ों रामभक्तों की भावनाएं और श्रद्धा आहत हुई हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जांच में जो भी दोषी पाया जाए, उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।

वीडियो संदेश के माध्यम से जारी अपने बयान में होसबाले ने कहा कि अयोध्या स्थित श्री रामलला मंदिर के दान पात्रों से चोरी की घटना पूरे समाज के लिए पीड़ादायक है। उन्होंने कहा कि इस मामले में श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अनुरोध पर उत्तर प्रदेश सरकार ने विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है और उसकी सिफारिशों के आधार पर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

दोषियों को मिले कड़ी सजा

RSS सरकार्यवाह ने कहा कि जांच पूरी तरह निष्पक्ष होनी चाहिए और जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाए, उसे कानून के तहत कड़ी से कड़ी सजा दी जाए। उन्होंने कहा कि इससे श्रद्धालुओं का विश्वास कायम रहेगा और भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगेगी।

ट्रस्ट से पारदर्शी और मजबूत व्यवस्था की अपेक्षा

दत्तात्रेय होसबाले ने कहा कि श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को इस घटना को एक अपवाद मानते हुए व्यवस्था और संचालन में मौजूद सभी कमियों को गंभीरता से दूर करना चाहिए। उन्होंने कहा कि वित्तीय प्रबंधन में पारदर्शिता, बेहतर निगरानी व्यवस्था और सुचारु संचालन के जरिए करोड़ों रामभक्तों की आस्था को और मजबूत किया जा सकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि ट्रस्ट और विशेष जांच दल आवश्यक कदम उठाकर वर्तमान भ्रम और अनिश्चितता को समाप्त करेंगे तथा मंदिर की पवित्रता, शुचिता और धार्मिक गरिमा को बनाए रखेंगे।

हिंदू समाज से धैर्य और संयम बनाए रखने की अपील

RSS ने पूरे हिंदू समाज से इस मामले में धैर्य और संयम बनाए रखने की अपील की है। होसबाले ने कहा कि कुछ हिंदू-विरोधी और राष्ट्र-विरोधी ताकतें इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना का लाभ उठाकर हिंदू धर्म और समाज को बदनाम करने का प्रयास कर सकती हैं। ऐसे प्रयासों को समाज की एकजुटता और सजगता से विफल किया जाना चाहिए।उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में सभी रामभक्तों को न्यायिक प्रक्रिया पर विश्वास रखना चाहिए और जांच पूरी होने तक संयम बनाए रखना चाहिए।

यह भी पढ़ें:-
राम मंदिर चढ़ावा विवाद : कपिल सिब्बल के बयान पर मंत्री संजय निषाद का पलटवार, बोले- जांच पर भरोसा रखें
'जेल भी जा सकते हैं चंपत राय... मैं पीएम मोदी के संपर्क में हूं'; राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर विनय कटियार का बड़ा बयान
राम मंदिर चढ़ावा विवाद : सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने हाईकोर्ट की निगरानी में जांच की मांग, भाजपा पर लगाए गंभीर आरोप
राम मंदिर चढ़ावा विवाद: धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री समेत भाजपा नेताओं ने SIT जांच पर जताया भरोसा, विपक्ष पर साधा निशाना

 

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज