फ्री स्किल ट्रेनिंग, सर्टिफिकेट और नौकरी... जानिए कैसे करेगा 'कौशल दोस्त' आपकी मदद, घर बैठे मिलेगा हर सवाल का जवाब

Amrit Vichar Network
Published By Anuj Sharma
On

उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन का एआई चैटबॉक्स शुरू. 14 से 35 वर्ष के युवा मुफ्त ट्रेनिंग, पंजीकरण, ट्रेड, प्रमाणपत्र और रोजगार की जानकारी सरल भाषा में पा सकेंगे. निदेशक पुलकित खरे ने जारी किया वीडियो.

फ्री स्किल ट्रेनिंग, सर्टिफिकेट और नौकरी की जानकारी अब घर बैठे मिलेगी। यूपीएसडीएम का एआई चैटबॉक्स 'कौशल दोस्त' 14 से 35 वर्ष के युवाओं को पंजीकरण, ट्रेड और रोजगार से जुड़े हर सवाल का आसान जवाब देगा।

अमृत विचार :   सरकारी योजनाओं की जानकारी के लिए अब दफ्तरों के चक्कर लगाने या अलग-अलग वेबसाइट खंगालने की जरूरत नहीं है। उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन (UPSDM) ने युवाओं के लिए एआई आधारित चैटबॉक्स 'कौशल दोस्त' शुरू किया है। यह डिजिटल सहायक मुफ्त कौशल प्रशिक्षण से लेकर पंजीकरण, प्रशिक्षण केंद्र, प्रमाणपत्र और नौकरी तक के हर सवाल का जवाब देगा। मिशन के निदेशक (आईएएस) पुलकित खरे ने इसका वीडियो जारी कर बताया कि यह नवाचार अधिक से अधिक युवाओं को सरकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए शुरू किया गया है।

क्या है 'कौशल दोस्त'?

'कौशल दोस्त' उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन का एआई आधारित चैटबॉक्स है। जैसे किसी समस्या में लोग अपने दोस्त से सलाह लेते हैं, उसी तरह यह चैटबॉक्स युवाओं को कौशल विकास मिशन से जुड़ी हर जानकारी सरल भाषा में उपलब्ध कराएगा।

किन सवालों के जवाब देगा?

- कौन-सा प्रशिक्षण मेरे लिए उपयुक्त है?
- कौन-कौन से ट्रेड उपलब्ध हैं?
- पंजीकरण कैसे करें?
- प्रशिक्षण केंद्र कहां है?
- ट्रेनिंग कितने दिन की होगी?
- क्या प्रशिक्षण मुफ्त है?
- सर्टिफिकेट कैसे मिलेगा?
- नौकरी मिलने की संभावना क्या है?

 कौन उठा सकता है लाभ?

उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के तहत 14 से 35 वर्ष आयु वर्ग के पात्र युवा निःशुल्क प्रशिक्षण ले सकते हैं। महिलाओं, दिव्यांगों और अल्पसंख्यक वर्ग को विशेष प्राथमिकता दी जाती है। मिशन में महिलाओं के लिए 30 प्रतिशत और अल्पसंख्यकों के लिए 20 प्रतिशत लक्ष्य निर्धारित हैं। सभी प्रशिक्षण राष्ट्रीय कौशल योग्यता ढांचा (एनएसक्यूएफ) के अनुरूप संचालित किए जाते हैं। 

cats
उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन का उद्देश्य केवल प्रशिक्षण देना नहीं, बल्कि युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के लिए तैयार करना है। एआई आधारित 'कौशल दोस्त' इसी दिशा में एक नया कदम है, जिससे योजनाओं की जानकारी हर युवा तक आसानी से पहुंच सके।  'कौशल दोस्त' का उद्देश्य अधिक से अधिक युवाओं तक सही जानकारी पहुंचाकर उन्हें प्रशिक्षण, प्रमाणपत्र और रोजगार के अवसरों से जोड़ना है।
पुलकित खरे (IAS), मिशन निदेशक  UPSDM
आपको मिलते है ये लाभ

- निःशुल्क प्रशिक्षण
- आधुनिक तकनीकी शिक्षा
-  सरकारी प्रमाणपत्र
- रोजगार से जोड़ने में सहायता

सफलता की कहानी : 15 हजार रुपये महीने कमा रहीं रिंकी

अमरोहा की रहने वाली रिंकी ने यूपीएसडीएम के तहत दृष्टि ग्लोबल इंस्टीट्यूट में असिस्टेंट फैशन डिजाइनर का प्रशिक्षण लिया। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद उन्होंने अपना व्यवसाय शुरू किया। आज वह हर महीने करीब 15 हजार रुपये कमा रही हैं और अपने परिवार की आर्थिक मदद भी कर रही हैं। उनका कहना है कि कौशल प्रशिक्षण ने उन्हें आत्मनिर्भर बनने का अवसर दिया।

लक्ष्मी देवी ने बदली अपनी तकदीर

उन्नाव के नई सराय की रहने वाली लक्ष्मी देवी गरीब परिवार से हैं। पढ़ाई पूरी करने के बाद नौकरी मिलना उनके लिए सबसे बड़ी चुनौती थी। उन्होंने स्वयं उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के बारे में जानकारी जुटाई और आठ फरवरी 2023 को रामा इन्फोटेक प्राइवेट लिमिटेड में फोर-व्हीलर ऑटोमोबाइल टेक्निकल ट्रेनिंग में प्रवेश लिया। प्रशिक्षण के दौरान उन्हें आधुनिक वाहनों पर तकनीकी शिक्षा, सॉफ्ट स्किल, कंप्यूटर प्रशिक्षण, निःशुल्क पुस्तकें, यूनिफॉर्म, प्रशिक्षण सामग्री और सरकारी प्रमाणपत्र मिला। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद उन्हें लखनऊ में नौकरी मिली। आज वह आत्मनिर्भर हैं, परिवार की आर्थिक मदद कर रही हैं और भविष्य में अपना बुटीक खोलने का सपना देख रही हैं।

यूपीएसडीएम के आंकड़े बताते हैं मिशन का दायरा

- 18.49 लाख से अधिक युवाओं ने कराया पंजीकरण.
- 8.19 लाख से अधिक युवाओं ने प्रशिक्षण पूरा किया.
- 6.93 लाख का मूल्यांकन पूरा हुआ.
- 3.06 लाख से अधिक युवाओं को रोजगार मिला.
- प्रदेश में 1,902 सक्रिय प्रशिक्षण केंद्र संचालित हैं.
- फिलहाल 2.25 लाख से अधिक युवा प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं.

( स्रोत : उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन (UPSDM), 29 जून 2026 )

हेल्पलाइन 

वेबसाइट: upsdm.gov.in

फोन  : 0522-3619292

संबंधित समाचार