'समरसेबल सूखे, नलों से आ रही दुर्गंध', लखनऊ की इस कॉलोनी में बूंद-बूंद पानी को तरस रहे हजारों लोग
लखनऊ, अमृत विचार : फैजुल्लागंज बंधा रोड के आसपास स्थित यश नगर, अम्बर बिहार और कृष्ण लोक कॉलोनी में भूजल स्तर लगातार नीचे खिसकने से हजारों परिवार भीषण पेयजल संकट का सामना कर रहे हैं। अधिकांश घरों के समरसेबल सूख जाने के कारण करीब बड़ी संख्या में लोगों के सामने पीने के पानी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। हालात ऐसे हैं कि अब समरसेबल बोरिंग में पाइप बढ़वाने का विकल्प भी लगभग समाप्त हो चुका है।
यश नगर में मयंक स्वीट हाउस के पीछे के इलाके में करीब 1500 लोगों को पिछले कई दिनों से तीव्र दुर्गंधयुक्त जलापूर्ति झेलनी पड़ रही है। दूषित पानी की आपूर्ति से लोगों में संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है, जिससे स्थानीय निवासियों में भारी नाराजगी है। आरोप है कि पिछले एक सप्ताह से क्षेत्रवासी लगातार पार्षद और नगर निगम के कंट्रोल रूम में शिकायतें दर्ज करा रहे हैं, लेकिन अब तक समस्या के समाधान के लिए कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है। अधिकारियों की उदासीनता से लोगों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
रविवार को स्थानीय निवासियों की शिकायत पर सामाजिक कार्यकर्ता ममता त्रिपाठी ने यश नगर पहुंचकर जलापूर्ति की बदहाल व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने फोन पर महाप्रबंधक जलकल को दूषित जलापूर्ति और पेयजल संकट की जानकारी देते हुए तत्काल समाधान की मांग की।
ममता त्रिपाठी ने चेतावनी दी कि यदि 24 घंटे के भीतर पेयजल और दूषित जलापूर्ति की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो स्थानीय लोगों के साथ मिलकर सख्त विरोध प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। इस दौरान राकेश पांडेय, अखिलेश अवस्थी, अमित तिवारी, मोहम्मद नासिर , मोहम्मद यूनुस, सर्वेश वर्मा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें :
UP Electricity News: बिजली उपभोक्ताओं के लिए बड़ी खुशखबरी, जुलाई में घट सकता है टैरिफ
