Kanpur News: लखनऊ अग्निकांड के बाद जागा KDA, कानपुर में फिजिक्स वाला समेत 22 से अधिक संस्थान सील, अन्य की जांच जारी

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज में हुए अग्निकांड के बाद कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) ने शहर के प्रमुख कोचिंग केंद्र काकादेव में व्यापक जांच अभियान चलाया।

कानपुर। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज में हुए अग्निकांड के बाद कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) ने शहर के प्रमुख कोचिंग केंद्र काकादेव में व्यापक जांच अभियान चलाया। सोमवार को हुई कार्रवाई में फिजिक्स वाला समेत 22 से अधिक कोचिंग संस्थानों को सील कर दिया गया।

केडीए अधिकारियों के अनुसार, निरीक्षण के दौरान कई संस्थानों में भवन सुरक्षा, अग्निशमन व्यवस्था और अन्य आवश्यक मानकों के उल्लंघन पाए गए। इसके बाद संबंधित संस्थानों को खाली कराकर सील करने की कार्रवाई की गई।

प्राधिकरण ने बताया कि शहर के विभिन्न क्षेत्रों में एक साथ अभियान चलाया गया। पहले चरण में 22 संस्थानों को नियमों का उल्लंघन करने के कारण चिह्नित किया गया है, जबकि अन्य कोचिंग संस्थानों की जांच भी जारी है। अधिकारियों का कहना है कि जहां भी सुरक्षा और भवन संबंधी मानकों की अनदेखी मिलेगी, वहां सख्त कार्रवाई की जाएगी।

फिजिक्स वाला समेत 22 से अधिक संस्थान सील

सील किए गए संस्थानों में फिजिक्स वाला, वर्कस्पेस, महेंद्राज और केमिस्ट्री वाले संजीव राठौर जैसे चर्चित कोचिंग सेंटर शामिल हैं। अभियान के दौरान बड़ी संख्या में प्रशासनिक अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। हालांकि, इस कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि शहर में लंबे समय से कई कोचिंग संस्थान बिना पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था और निर्धारित मानकों के संचालित हो रहे हैं, लेकिन नियमित निरीक्षण नहीं किया जाता।

स्थानीय नागरिकों का आरोप...

स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि प्रशासन अक्सर किसी बड़ी घटना के बाद ही सक्रिय होता है और फिर कुछ समय तक अभियान चलाकर कार्रवाई करता है। उनका मानना है कि यदि समय-समय पर निरीक्षण और नियमों के अनुपालन की समीक्षा की जाए, तो कमियों को पहले ही दूर किया जा सकता है और छात्रों की सुरक्षा बेहतर ढंग से सुनिश्चित की जा सकती है।

संबंधित समाचार