Bareilly News : पीडब्ल्यूडी के कार्यों का अलग से हिसाब लेंगे सीएम योगी

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

बरेली मंडल में 100 करोड़ से अधिक के प्रोजेक्ट समय सीमा बीतने के बाद भी अधूरे

बरेली, अमृत विचार। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बरेली दौरे के दौरान पहली बार लोक निर्माण विभाग के कार्यों की अलग से विशेष समीक्षा करेंगे। मुख्यमंत्री पेंडिंग कामों का पूरा हिसाब-किताब लेंगे। सीएम का 28 या 29 जून को संभावित दौरा और विभागीय समीक्षा की जानकारी मिलते ही पीडब्ल्यूडी अफसरों की चिंताएं बढ़ गई हैं।

बरेली मंडल में करीब 100 करोड़ रुपये से अधिक लागत के ऐसे कई काम हैं, जो तय वक्त के बाद भी अधूरे पड़े हैं। इनमें महत्वपूर्ण भवन निर्माण से लेकर कई प्रमुख सड़क परियोजनाएं शामिल हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री के तीखे सवालों और देरी के कारणों का जवाब देना प्रांतीय खंड और निर्माण खंड-वन समेत अन्य शाखाओं के अभियंताओं के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। इस महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में पीडब्ल्यूडी के विभागाध्यक्ष मुकेश चंद शर्मा और प्रमुख सचिव अजय चौहान भी विशेष रूप से मौजूद रहेंगे। बैठक के दौरान केवल पुराने कामों की ही समीक्षा नहीं होगी, बल्कि जनप्रतिनिधियों की ओर से भेजी गई करीब करोड़ों रुपये की प्रस्तावित नई कार्ययोजना पर भी गहन मंथन किया जाएगा। जनप्रतिनिधियों से विस्तृत चर्चा के बाद ही इस भव्य कार्ययोजना को अंतिम रूप दिया जाएगा।

20 फीसदी से अधिक बिलो टेंडर पर रहेगी नजर
बीते दिनों हुई समीक्षा बैठक में शासन स्तर से सख्त निर्देश दिए गए थे कि गुणवत्ता प्रभावित होने के डर से 20 परसेंट से अधिक बिलो (कम) दरों पर टेंडर न दिए जाएं। यदि कोई ठेकेदार इससे कम रेट पर काम लेता है, तो उसकी विशेष जांच की जाए। सीएम योगी के सामने होने वाली इस समीक्षा में अभियंता इस बात का भी पूरा ब्योरा रखेंगे कि मंडल में हाल ही में आवंटित हुए टेंडरों में नियमों का पूरी तरह पालन हुआ है या नहीं।

चुनावी साल में विधायकों की भी रहेगी नजर
चुनावी साल होने की वजह से इस बार लोक निर्माण विभाग की प्रस्तावित कार्ययोजना पर जनप्रतिनिधियों की भी विशेष नजर टिकी है। सभी विधायक अपनी-अपनी विधानसभा क्षेत्र के लिए अधिक से अधिक सड़कों और विकास कार्यों को इस योजना में शामिल कराने की पुरजोर कोशिश कर रहे हैं, ताकि वे जनता के बीच अपनी उपलब्धियां गिना सकें। हालाकि बैठक के बाद ही यह पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगा कि सीएम कितनी बड़ी सौगात मिलती है।

संबंधित समाचार