वाराणसी: गंगा में नाव पर चिकन पार्टी का वीडियो वायरल, धार्मिक भावनाएं आहत करने के आरोप में 5 नाविक गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

वाराणसी: उत्तर प्रदेश के वाराणसी में गंगा नदी में इफ्तार पार्टी के बाद अब एक बार फिर नाव पर चिकन पार्टी करने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ है। इस वायरल वीडियो का तत्काल संज्ञान लेते हुए दशाश्वमेध थाना पुलिस ने जांच शुरू की और सोमवार रात पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया।

मानमंदिर घाट के पास नाव पर हो रही थी पार्टी

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपियों में डोमरी निवासी अरुण कुमार साहनी व अनुराग निषाद तथा रामनगर निवासी दीपक कुमार, अजय साहनी और राहुल साहनी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि ये सभी पेशे से नाविक हैं। इन लोगों द्वारा मानमंदिर घाट के किनारे गंगा नदी में खड़ी एक नाव पर नॉनवेज (चिकन) पार्टी की गई थी। हालांकि, सूत्रों का कहना है कि यह वीडियो कुछ समय पुराना है, जो सोमवार को अचानक सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।

सामाजिक माहौल बिगाड़ने का मुकदमा दर्ज

सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) डॉ. अतुल अंजन त्रिपाठी ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि दशाश्वमेध चौकी प्रभारी अनुजमणि त्रिपाठी की तहरीर पर पांचों आरोपियों के खिलाफ सामाजिक माहौल बिगाड़ने और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के आरोप में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

पहले भी आ चुका है ऐसा मामला

गौरतलब है कि वाराणसी में इस तरह का यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी पवित्र गंगा नदी में इफ्तार पार्टी करने और चिकन बिरयानी खाने के बाद उसके अवशेषों को गंगा में फेंकने का मामला काफी सुर्खियों में रहा था। उस दौरान मार्च महीने में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले से जुड़े 14 आरोपियों को जेल भेज दिया था, जिन्हें बाद में अदालत से जमानत मिल गई थी। इस नए मामले के बाद पुलिस घाटों पर निगरानी और सख्त करने की बात कह रही है।

ये भी पढ़ें  : 
लखनऊ अग्निकांड : मानवाधिकार आयोग पहुंचा मामला, 1 करोड़ मुआवजा और बड़े अफसर पर एफआईआर की मांग 

 

संबंधित समाचार