Bareilly News : भीषण गर्मी कर रही बीमार, जिला अस्पताल में मरीजों की भरमार
भीषण गर्मी में बुखार-डायरिया से जूझ रहे बच्चे
बरेली, अमृत विचार। भीषण गर्मी का असर अब बच्चों की सेहत पर भारी पड़ने लगा है। बुखार, डायरिया और पेट दर्द से पीड़ित बच्चों की संख्या बढ़ रही है। हालात ऐसे हैं कि जिला अस्पताल का बच्चा वार्ड फिर से पूरी तरह भर गया है और बेंच तक लगानी पड़ रही हैं।
जिला अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह ही ओपीडी खुलते ही मरीजों का पहुंचना शुरू हो गया और 10 बजे तक लंबी कतारें लग गईं। पर्चा काउंटर पर भी दोपहर एक बजे तक लोगों को लाइन में लगकर इंतजार करना पड़ा। अस्पताल में सबसे अधिक मरीज बुखार, डायरिया, पेट दर्द, उल्टी-दस्त और सांस संबंधी बीमारियों से पीड़ित पहुंचे। गर्मी के बढ़ते प्रकोप के कारण त्वचा रोगों के मरीजों की संख्या में भी लगातार इजाफा हो रहा है। सोमवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में 2100 से अधिक मरीजों का पंजीकरण दर्ज किया गया। डॉ. हरपाल सिंह ने बताया कि बढ़ती गर्मी के चलते बुखार और डायरिया के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है।
सीएमओ कार्यालय में दिव्यांग शिविर का भी आयोजन किया गया। शिविर में 50 से अधिक दिव्यांगों ने आवेदन पत्र जमा कराए। शनिवार को जिन लोगों ने जांच के लिए सैंपल दिए थे वे सभी भी रिपोर्ट के इंतजार में लाइन में लगे रहे। घंटों लाइन में लगने के बाद किसी तरह से तीमारदारों के मरीजों की रिपोर्ट मिल सकी।
