उत्तर मध्य रेलवे का बड़ा फैसला : कई स्पेशल ट्रेनों की अवधि बढ़ी, ललितपुर कार्य के चलते बदले मार्ग
सूरत-छपरा स्पेशल ट्रेन के बढ़े अतिरिक्त फेरे
यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तर मध्य रेलवे ने कई स्पेशल ट्रेनों के संचालन की अवधि बढ़ाने का फैसला किया है। इसके साथ ही झांसी मंडल के ललितपुर स्टेशन पर चल रहे नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य के कारण कुछ ट्रेनों का मार्ग अस्थायी रूप से परिवर्तित किया गया है।
प्रयागराज। यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तर मध्य रेलवे ने कई स्पेशल ट्रेनों के संचालन की अवधि बढ़ाने का फैसला किया है। इसके साथ ही झांसी मंडल के ललितपुर स्टेशन पर चल रहे नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य के कारण कुछ ट्रेनों का मार्ग अस्थायी रूप से परिवर्तित किया गया है।
रेलवे ने यात्रियों से यात्रा से पहले ट्रेनों की अद्यतन जानकारी अवश्य जांचने की अपील की है। उत्तर मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शशिकांत त्रिपाठी ने शुक्रवार को बताया कि इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य यात्रियों को अधिक सुविधाजनक और सुगम यात्रा उपलब्ध कराना है।
सूरत-छपरा स्पेशल ट्रेन के बढ़े अतिरिक्त फेरे
रेलवे ने सूरत-छपरा-सूरत साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन (09065/09066) का संचालन जुलाई 2026 तक बढ़ा दिया है।
- 09065 सूरत-छपरा प्रत्येक मंगलवार चलेगी।
- 09066 छपरा-सूरत प्रत्येक बुधवार संचालित होगी।
- दोनों ट्रेनों के चार-चार अतिरिक्त फेरे लगाए जाएंगे।
24 कोच वाली इस ट्रेन में 10 एसी थर्ड, 10 स्लीपर, दो सामान्य और दो एसएलआरडी कोच लगाए गए हैं।
ललितपुर कार्य के कारण बदला मार्ग
ललितपुर स्टेशन पर नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य के चलते 14 जुलाई को सूरत से और 15 जुलाई को छपरा से चलने वाली यह ट्रेन नागदा–कोटा–मथुरा–टूंडला–गोविंदपुरी–प्रयागराज मार्ग से संचालित होगी।
इस दौरान ट्रेन उज्जैन, बीना और झांसी स्टेशनों पर नहीं रुकेगी।
अहमदाबाद-दरभंगा स्पेशल को भी मिला विस्तार
अहमदाबाद-दरभंगा-अहमदाबाद स्पेशल ट्रेन का संचालन भी जुलाई और अगस्त में बढ़ाया गया है।
- अहमदाबाद से प्रत्येक शुक्रवार
- दरभंगा से प्रत्येक सोमवार
यह ट्रेन पांच-पांच अतिरिक्त फेरे लगाएगी।
मार्ग परिवर्तन के तहत ट्रेन गोविंदपुरी, फतेहपुर, प्रयागराज, वाराणसी और गाजीपुर सिटी होकर संचालित होगी। 17 और 20 जुलाई की सेवाएं झांसी-बीना-गुना मार्ग के बजाय कोटा-टूंडला मार्ग से चलाई जाएंगी।
गांधीधाम-भागलपुर स्पेशल के भी बढ़े फेरे
रेलवे ने गांधीधाम-भागलपुर-गांधीधाम स्पेशल ट्रेन (09451/09452) के जुलाई और अगस्त के लिए पांच-पांच अतिरिक्त फेरे स्वीकृत किए हैं। मार्ग परिवर्तन के तहत यह ट्रेन लखनऊ और गोरखपुर के स्थान पर फतेहपुर, प्रयागराज, ज्ञानपुर रोड, वाराणसी, गाजीपुर सिटी और छपरा होकर संचालित होगी। इससे प्रयागराज और पूर्वांचल के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।
यात्रियों के लिए रेलवे की अपील
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले संबंधित ट्रेनों के मार्ग, समय-सारिणी और परिचालन की नवीनतम जानकारी अवश्य प्राप्त करें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।
