Manoj Murder Case: पहले दी सुपारी... फिर फिल्मी अंदाज में लिखी गई मौत की स्क्रिप्ट, महिला समेत 4 के खिलाफ मुकदमा दर्ज
जीशान कदीर, सीतापुर, अमृत विचार : मनोज हत्याकाण्ड सुनयोजित साजिश के बाद हुआ। इसमें महिला ने भाड़े के शार्प शूटरों को चुना। शातिरों ने सुपारी मिलने के बाद मनोज की हत्या की स्क्रिप्ट तैयार की। फिर वारदात को अंजाम देकर भाग निकले। जुड़ती कड़ियों के बीच पुलिस जनपद के अलावा बाराबंकी और लखनऊ के कुछ इलाकों को खंगाल रही है।
बता दें कि महमूदाबाद कस्बा वासी मनोज शुक्ला ब्वायज हॉस्टल संचालक की हॉस्टल जाते समय हत्या कर दी गई। इसमें बाराबंकी जनपद के डॉ. लईक, डॉ. ए हाशिम, राममिलन और जयदेवी उर्फ जया समेत अभय प्रताप सिंह के विरुद्ध केस दर्ज हुआ। जांच का जिम्मा क्राइम ब्रांच को मिला तो वारदात की कड़ियों को जोड़ा जाने लगा।
सूत्रों की मानें, मुखबिर तंत्र और सर्विलांस की मदद से पता चला कि महिला ने अपनी समस्याओं को खत्म करने के लिए मनोज की हत्या की योजना बनाई, ऐसे में उसने बाराबंकी जनपद के शार्प शूटरों को चुना। फिरौती दी, फिर मनोज की रैकी शुरू हुई, घटनास्थल पर पहले से तैयार शार्प शूटरों ने मनोज शुक्ला के सिर पर कई वार करके मौत के घाट उतार दिया। सीओ महमूदाबाद वीके श्रीवास्तव का कहना है कि हत्या के खुलासे को लेकर महमूदाबाद पुलिस और जिले की क्राइम ब्रांच लगी हुई है, आरोपियों से जुड़े कई इनपुट पुलिस के हाथ लगे हैं, जल्द ही वारदात का खुलासा कर लिया जाएगा।
हत्या की साजिश के लिए महिला ने बदले कई ठिकानें
हत्या की साजिश में शामिल महिला का पहले महमूदाबाद ठिकाना रहा। फिर वो बाराबंकी चली गई। वहां भी कई स्थानों पर सिंडीकेट बनाने का प्रयास हुआ। ऐसे में महिला ने कई नर्सिंग होम संचालकों से भी करीबियां बनाईं।
महिला के परिवार के कई लोगों से हुई लंबी पूछताछ
महमूदाबाद का सिंडीकेट हाल-फिलहाल जांच के दायरे में है। इनपुट के बाद महिला के परिवार के कुछ लोगों के अलावा महमूदाबाद में हाल दिनों में पनपे नए सिंडीकेट से भी लंबी पूछताछ की गई। बताया जाता है कि सिंडीकेट के एक सदस्य की करीबियां पड़ोसी जनपद बाराबंकी के फतेहपुर के कुछ संदिग्धों से हैं।
