'मैंने ऐसा कभी नहीं कहा...' सूर्यकुमार यादव की पोस्ट से मचा हड़कंप, वैभव सूर्यवंशी को लेकर भी कही ये बड़ी बात
डिजिटल डेस्कः भारतीय टीम के पूर्व टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव इन दिनों टीम इंडिया से बाहर हैं। आयरलैंड दौरे पर खेली गई दो मैचों की टी20 सीरीज के बाद उन्हें टीम में जगह नहीं मिली। इसी बीच सूर्यकुमार यादव की एक सोशल मीडिया पोस्ट ने क्रिकेट जगत में नई चर्चा छेड़ दी है।
'टीम इंडिया को हमेशा मेरा समर्थन रहेगा'
सूर्यकुमार यादव ने अपनी पोस्ट में लिखा कि उन्हें भारतीय टीम के प्रदर्शन पर गर्व है और वह हमेशा खिलाड़ियों का समर्थन करते रहेंगे।
उन्होंने लिखा, "मैं टीम के लिए बहुत खुश हूं और हमेशा उन्हें शुभकामनाएं देता हूं। मुझे पता है कि खिलाड़ी अपना सर्वश्रेष्ठ दे रहे हैं और उनके लिए हमेशा मेरा समर्थन रहेगा।"
https://twitter.com/surya_14kumar/status/2074383293001437638?s=20
वैभव सूर्यवंशी के लिए लिखा खास संदेश
सूर्या ने युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी का विशेष रूप से उल्लेख करते हुए लिखा कि उनका सफर अभी शुरू हुआ है और उनके सामने उम्मीदों व अवसरों से भरा भविष्य है।
उन्होंने कहा, "वैभव, तुम अपने क्रिकेट सफर की शुरुआत में हो। हर पल का आनंद लो और देश को गर्व महसूस कराते रहो।"
वायरल बयान को बताया गलत
सूर्यकुमार यादव ने सोशल मीडिया पर उनके नाम से वायरल हो रहे एक कथित बयान को पूरी तरह गलत बताया। उन्होंने कहा कि उन्होंने ऐसा कोई बयान नहीं दिया है और लोगों से अपील की कि बिना पुष्टि के किसी भी जानकारी पर विश्वास न करें।
"मैंने देखा है कि सोशल मीडिया पर एक बयान मेरे नाम से वायरल हो रहा है। मैं स्पष्ट करना चाहता हूं कि मैंने ऐसा कोई बयान नहीं दिया। कृपया बेबुनियाद जानकारी पर विश्वास न करें और उसे साझा भी न करें।"- सूर्यकुमार यादव
हालांकि उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि वह किस बयान की बात कर रहे थे।
'मेरा समर्थन हमेशा क्रिकेट के साथ रहेगा'
अपनी पोस्ट के अंत में सूर्यकुमार यादव ने कहा कि भारतीय क्रिकेट, अपने साथियों और खेल के प्रति उनका समर्थन हमेशा कायम रहेगा और यह किसी भी अफवाह से कहीं अधिक महत्वपूर्ण है।
ऐसा रहा अंतरराष्ट्रीय करियर
सूर्यकुमार यादव अब तक भारत के लिए 1 टेस्ट, 37 वनडे और 113 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके हैं। टेस्ट क्रिकेट में उन्होंने 8 रन बनाए हैं। वनडे की 35 पारियों में उनके नाम 773 रन दर्ज हैं, जबकि टी20 अंतरराष्ट्रीय की 107 पारियों में उन्होंने 3272 रन बनाए हैं।
यह भी पढ़ेंः क्रिकेट फैंस को बड़ा झटका! लंबी बीमारी से हार गए अफगानिस्तान के स्टार तेज गेंदबाज, दिल्ली में 38 साल की उम्र में निधन
